Trending

43 वर्ष के हुए ‘कैप्टन कूल’ महेंद्र सिंह धोनी

भारत को तीन बार आईसीसी का खिताब जीताकर गौरवान्वित महसूस कराने वाले ‘कैप्टन कूल’ महेंद्र सिंह धोनी आज 43 साल के हो गए हैं। धोनी को क्रिकेट की दुनिया में किसी परिचय की जरुरत नहीं है, उनके रिकॉर्ड्स और कप्तानी का आज भी गुणगान होता है।

साभार : गूगल

वह अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल के दिनों में मैदान पर अपनी शांत और शानदार कप्तानी कौशल के लिए प्रसिद्ध हैं। माही ने 15 अगस्त 2020 को रिटायरमेंट का ऐलान कर जरूर इंटरनेशनल करियर पर विराम लगा दिया था, वह आईपीएल में फैंस का मनोरंजन करते हुए नजर आते हैं। धोनी ने आईपीएल से रिटायरमेंट नहीं ली है।

धोनी की कप्तानी में भारत ने सभी फॉर्मेट में शीर्ष पुरस्कार जीता। माही की अगुवाई में भारत दिसंबर 2009 से 18 महीने तक टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर रहा। टीम ने 2011 में 50 ओवर का वर्ल्ड कप जीता और 2007 में उनकी कप्तानी में टी20 विश्व खिताब जीता।

धोनी का सफर खेल इतिहास में सबसे प्रेरणादायक सफर में से एक है। रेलवे स्टेशन पर टिकट कलेक्टर के तौर पर काम करने से लेकर, वह भारत के सबसे बड़े ट्रॉफी कलेक्टर बन गए, जिन्होंने टीम को आईसीसी टी-20 विश्व कप 2007, आईसीसी विश्व कप 2011 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2013 में कप्तान के तौर पर खिताब दिलाया।

उन्होंने 2004 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया और एक क्रूर हिटर के तौर पर अपनी पहचान बनाई, समय के साथ वह एक फिनिशर बन गए, जो अपनी सोची-समझी आक्रामकता और अद्भुत रणनीति के साथ अपनी टीम को जीत दिलाते थे।

चेन्नई सुपर किंग्स के ‘थाला’ के नाम से मशहूर धोनी ने भारत के लिए 98 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37.60 की औसत और 126.13 की स्ट्राइक रेट से 1,617 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम दो अर्धशतक हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 56 रन रहा है।

उनके टेस्ट करियर की बात करें तो धोनी ने 90 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए हैं। उन्होंने छह शतक और 33 अर्धशतक बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 224 रहा है। वह टेस्ट में भारत के लिए 14वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

भारतीय कप्तान के रूप में माही काफी सफल रहे। उन्होंने 60 टेस्ट मैचों में भारत का नेतृत्व किया, जिसमें से उन्होंने 27 मैच जीते, 18 हारे और 15 ड्रॉ रहे। 45 के जीत प्रतिशत के साथ, वे सभी युगों में भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं।

उन्होंने टीम इंडिया को आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक रैंकिंग पर पहुंचाया। वे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया का सूपड़ा साफ करने वाले भी एकमात्र भारतीय कप्तान भी हैं, उन्होंने 2010-11 और 2012-13 सीरीज में ऐसा किया था।

लोगों के पसंदीदा ‘माही’ ने 72 टी-20 मैचों में भारत का नेतृत्व किया, जिसमें से 41 जीते, 28 हारे, एक मैच टाई रहा और दो मैच के नतीजे नहीं निकल पाए। उनकी जीत का प्रतिशत 56.94 है।

भारत को आईसीसी खिताब दिलाने के अलावा, उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को इंडियन प्रीमियर लीग और चैंपियंस लीग टी-20 में कई खिताब जीताए। उन्होंने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में सीएसके को पांच IPL खिताब दिलाए हैं। धोनी ने 2010 और 2014 में सीएसके को दो CLT20 खिताब भी दिलाए हैं।

धोनी ने 2016 से 2017 तक राइजिंग पुणे सुपरजायंट के साथ खेलने के अलावा, ज्यादातर सीएसके के लिए 264 आईपीएल मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 39.13 की औसत से 5,243 रन बनाए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में 24 अर्धशतक भी लगाए हैं। उन्होंने 152 कैच और 42 स्टंपिंग भी की हैं।