विश्व रैंकिंग कोटे से एल्ड्रिन एवं अंकिता को ओलंपिक टिकट
विश्व रैंकिंग कोटे से लंबी कूद के एथलीट जेस्विन एल्ड्रिन और 5000 मीटर धावक अंकिता ध्यानी ने पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया, जिससे भारतीय एथलेटिक्स टीम में सदस्यों की संख्या बढ़कर 30 हो गई।

लंबी कूद के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी एल्ड्रिन और अंकिता का नाम विश्व एथलेटिक्स द्वारा प्रकाशित नवीनतम सूची में है। राष्ट्रीय महासंघों ने अंतरराष्ट्रीय संस्था को उन एथलीटों के बारे में बताया जो कट बनाने के बावजूद विभिन्न कारणों से पेरिस में प्रतिस्पर्धा नहीं करेंगे।
ऐसा उदाहरण भारत के शीर्ष लंबी कूद के एथलीट एम श्रीशंकर का है, जिन्हें 8.27 मीटर के क्वालिफिकेशन मानक से सीधे प्रवेश करने के बावजूद चोट के कारण बाहर होना पड़ा। एल्ड्रिन 31वें स्थान पर हैं, 32 खिलाड़ी ओलंपिक में पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में खेलेंगे।
अंकिता को 42वें स्थान पर रखा गया है। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के एक शीर्ष अधिकारी ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि दोनों को भारतीय टीम में जगह मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हां, ये दोनों विश्व रैंकिंग से सूची में शामिल हुए हैं और उन्हें ओलंपिक के लिए भारतीय टीम में जगह मिलेगी।
भारतीय एथलेटिक्स मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर ने चार जुलाई को 28 सदस्यीय टीम के ऐलान के बाद बोला था कि राष्ट्रीय महासंघ की चयन समिति ने फैसला किया है कि जो भी बाद में पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेगा, उसे टीम में जगह मिलेगी।