विंबलडन : चोट के चलते एलेक्स डि मिनोर हटे, जोकोविच सेमीफाइनल में
नोवाक जोकोविच ने कूल्हे की चोट की वजह से एलेक्स डि मिनोर के हटने पर विंबलडन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई। डि मनोर ने सेंटर कोर्ट पर जोकोविच के खिलाफ होने वाले क्वार्टर फाइनल से घंटों पहले हटने का ऐलान किया।

डि मिनोर ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘यह वह घोषणा नहीं है जो मैं करना चाहता था। मैं टूट चुका हूं। उन्होंने बताया कि, चौथे दौर में आर्थर फिल्स पर 6-2, 6-4, 4-6, 6-3 की जीत के दौरान उन्होंने ‘क्रैक’ की आवाज सुनी थी।
जब वह मैच समाप्त हुआ तो डि मिनोर सावधानी से नेट की ओर गए, बाद में मीडिया से बात करते समय उन्होंने स्थिति की गंभीरता को कम करके आंका। इस वॉकओवर से जोकोविच ने 13वीं बार विंबलडन सेमीफाइनल में जगह बनाई और इस तरह से उन्होंने पुरुष एकल में रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी की।
जोकोविच ने पुरुष एकल में रिकॉर्ड 24 ग्रैंड स्लैम खिताबों में से सात विंबलडन में जीते हैं। फाइनल में जगह बनाने के लिए जोकोविच की टक्कर शुक्रवार को टेलर फ्रिट्ज और लोरेंजो मुसेटी के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।