शुभमन व यशस्वी का कमाल, भारत ने 23 रन से जीता तीसरा टी-20 मैच
भारतीय टीम ने तीसरे टी-20 में जिम्बाब्वे टीम को 23 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल की। इस मैच में मेहमान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 182 रन बनाया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम 6 विकेट पर 159 रन ही बना सकी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल (66) और यशस्वी जायसवाल (36) की सलामी जोड़ी ने 67 रन की साझेदारी की। कप्तान गिल को रुतुराज गायकवाड़ (49) का अच्छा साथ मिला। इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में जिम्बाब्वे ने 39 रन तक 5 विकेट गंवा दिए। मुश्किल घड़ी में डायोन मायर्स (65*) और क्लाइव मैडांडे (37) ने संघर्ष किया, जीत नहीं दिला सके। सीरीज के शुरुआती 2 टी-20 में बल्ले से छाप छोड़ने में असफल रहे गिल आज अच्छी लय में दिखे। उन्होंने और जायसवाल की जोड़ी ने पावरप्ले ओवर्स में 55 रन जोड़ डाले।
एक छोर से जमकर बल्लेबाजी कर रहे गिल ने 36 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 49 गेंदों पर 66 रन की पारी खेलकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाए।
सीरीज के पिछले मैच में नाबाद 77 रन की पारी खेलने वाले गायकवाड़ लगातार दूसरे अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया और अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की।
नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने आए गायकवाड़ 28 गेंदों पर 49 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। वह भारत की पारी के आखिरी ओवर के दौरान आउट हुए।
लक्ष्य का बचाव करते हुए वाशिंगटन सुंदर ने उम्दा गेंदबाजी की। इस ऑलराउंडर ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देते हुए 3 अहम विकेट लिए। उन्होंने सिकंदर रजा, जॉनाथन कैम्पबेल और मैडांडे के विकेट अपने नाम किए।
सीरीज के शुरुआती 2 मैचों में अच्छी गेंदबाजी करने वाले रवि बिश्नोई कोई विकेट नहीं ले सके। उन्होंने अपने 4 ओवर में 37 रन दिए। खलील अहमद ने 1 विकेट अपने नाम किया। आवेश खान ने 2 सफलताएं हासिल की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने जब 19 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया, तब मायर्स क्रीज पर आए। उन्होंने भारत की सधी हुई गेंदबाजी का पुख्ता जवाब दिया। इस युवा बल्लेबाज ने 45 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज मैडांडे के साथ 77 रन की साझेदारी की।
वह 49 गेंदों पर 65 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी इस पारी में 7 चौके और 1 छक्का भी लगाया। जिम्बाब्वे के कप्तान रजा 15 गेंदों में 16 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 करियर के 5,000 रन भी पूरे किए। उनके अब 243 मैचों में 5,003 रन हो गए हैं। इस बीच उन्होंने 30 अर्धशतक भी लगाए हैं।