Trending

26 जुलाई से भारत का श्रीलंका दौरा, खेलेगी 3-3 मैचों की वनडे व टी-20 सीरीज

श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया को वनडे और टी-20 सीरीज खेलनी है, जिसके लिए श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। भारत 26 जुलाई से श्रीलंका टीम के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज में भाग लेगी।

साभार : गूगल

दोनों देशों के बीच 3 मैचों की ही वनडे सीरीज की शुरुआत 1 अगस्त से हो जाएगी। 26 जुलाई को पहले टी-20 के बाद 27 जुलाई को सीरीज का दूसरा टी-20 मैच खेला जाएगा। आखिरी टी-20 मैच 29 जुलाई को खेला जाएगा। पूरी टी-20 सीरीज का आयोजन पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

वनडे सीरीज के मैच 1, 4 और 7 अगस्त को खेले जाने तय हैं। ये तीनों वनडे मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। टी-20 विश्व कप के साथ ही रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा कर ली थी। ऐसे में श्रीलंका दौरे पर हार्दिक पांड्या टीम की कप्तानी कर सकते हैं।

@BCCI

ऐसी भी खबरें हैं कि केएल राहुल वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कमान संभाल सकते हैं। श्रीलंका दौरे से रोहित, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने की संभावना है और बोर्ड राहुल को ये जिम्मेदारी सौंप सकता है।

इस दौरे के साथ ही गौतम गंभीर का भारत के कोच के रूप में कार्यकाल शुरू हो जाएगा। बताते चले कि, वह राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे, जो टी-20 विश्व कप तक इस भूमिका में थे। गंभीर पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग करते हुए दिखाई देने वाले हैं।

इस समय भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर मौजूद है और वहां पर वीवीएस लक्ष्मण बतौर कोच टीम के साथ मौजूद हैं। श्रीलंका की टीम टी-20 सीरीज में नये कप्तान के साथ नजर आएगी। दरअसल, वनिंदु हसरंगा ने कप्तानी से इस्तीफा दिया है।

हाल ही में खत्म हुए टी-20 विश्व कप में श्रीलंका का खराब प्रदर्शन रहा था। हसरंगा के नेतृत्व में टीम पहले दौर से भी आगे नहीं बढ़ पाई थी। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने नये कप्तान की घोषणा नहीं की है। सम्भवतः जल्द ही श्रीलंका के नये कप्तान का ऐलान हो सकता है।