पहला टेस्ट : इंग्लैंड ने जीत से दी जेम्स एंडरसन को यादगार विदाई
इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को लॉर्ड्स में पहले टेस्ट में तीसरे ही दिन पारी और 114 रनों से हराया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने अपने महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को यादगार विदाई दी।

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट लॉर्ड्स में खेला गया। टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की पारी 121 रन पर सिमट गई। जवाब में इंग्लैंड ने 371 रन बनाए। टीम से जो रुट, हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने अर्धशतक जड़े।
वेस्टइंडीज से जेडेन सील्स ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। उनके अलावा गुडाकेश मोती और जेसन होल्डर को 2-2 विकेट मिले। पहली पारी में इंग्लैंड ने 250 रन की बढ़त हासिल की जिसे उतारने उतरी वेस्टइंडीज की टीम के बल्लेबाज एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए। वेस्टइंडीज टीम दूसरी पारी में 136 रन पर पवेलियन लौट गई।

इंग्लैंड की जीत के हीरो तेज गेंदबाज गस एटकिंसन रहे। एटकिंसन ने पहली पारी में सात और दूसरी पारी में पांच विकेट झटके। अपना आखिरी मैच खेल रहे जेम्स एंडरसन ने कुल 4 विकेट झटके। बता दें, तीसरे दिन के खेल की शुरुआत से पहले जेम्स एंडरसन को साथी खिलाड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।