Trending

डब्ल्यूसीएल : इंडिया चैंपियंस ने जीती विजेता ट्रॉफी

युवराज सिंह की कप्तानी में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के फाइनल में रिटायर्ड भारतीय क्रिकेटरों की पलटन ने पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया है कि अब वो चाहकर भी इसे भूल नहीं पाएगा।

@worldchampionshipoflegends

इंडिया चैंपियंस ने फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का खिताब जीता। टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा और पाकिस्तान के खिलाफ कमबैक करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।

साथ ही इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान चैंपियंस को उसके एक बयान का करारा जवाब दे दिया। डब्ल्यूसीएल 2024 के ग्रुप स्टेज में हुई भारत-पाकिस्तान भिड़ंत में पाकिस्तान ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। इस जीत के बाद पाकिस्तानी कप्तान यूनुस खान खुशी में जरूरत से ज्यादा बोल गए थे।

यूनुस खान ने कहा था कि भारत को हराकर उन्होंने बदला ले लिया। खान का बदला लेने से मतलब टी20 विश्व कप में भारत के हाथों पाकिस्तान की हार से जुड़ा था। ग्रुप स्टेज में भारत को हराने के बाद पाकिस्तान का अति आत्मविश्वास उन पर हावी होता दिखा।

@worldchampionshipoflegends

फाइनल में भारत को हल्के में लेते हुए पाकिस्तान चैंपियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 156 रन बनाया। कामरान अकमल (19 गेंदों पर 24 रन) और मकसूद (12 गेंदों पर 21 रन) ने टीम को ठोस शुरुआत दी, लगातार विकेट गिरने से टीम बड़ा टोटल सेट करने में विफल रही।

शोएब मलिक ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, उन्होंने 36 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली। कप्तान यूनुस खान अपनी छाप छोड़ने में विफल रहे और उन्हें इरफ़ान पठान ने 7 रन पर आउट कर दिया। मिस्बाह उल हक 18 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए, सोहेल तनवीर (9 गेंद पर नाबाद 19 रन) के योगदान ने पाकिस्तान को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो, अनुरीत सिंह ने तीन विकेट लिए। विनय कुमार, पवन नेगी और इरफ़ान पठान ने 1-1 विकेट लिया। जवाब में, इंडिया चैंपियंस ने रॉबिन उथप्पा (10) को जल्दी खोने के बावजूद अंबाती रायडू की 50 रनों की विस्फोटक पारी से टीम ने जीत की नींव रखी।

सुरेश रैना के जल्दी आउट होने के बाद पाकिस्तान ने मैच में कमबैक किया। रायडू और गुरकीरत सिंह मान (33 गेंद पर 34) के बीच मजबूत साझेदारी ने भारत को मुकाबले में बनाए रखा। इस जोड़ी के बाद यूसुफ पठान के 16 गेंदों पर 30 रन बनाने से भारत की स्थिति मजबूत बनी रही। पठान अंतिम ओवर में आउट हो गए।

कप्तान युवराज सिंह (नाबाद 15) और इरफान पठान (नाबाद 5) के क्रीज पर रहते हुए भारत ने 19.1 ओवर में 5 विकेट पर 159 रन बनाकर जीत दर्ज की। पाकिस्तान के गेंदबाज अपनी पूरी कोशिशों के बावजूद भारत को लक्ष्य की तरफ बढ़ने से नहीं रोक पाए। आमिर यामीन ने 2, तो सोहेल तनवीर और सोहेल खान ने एक-एक विकेट लिया।