Trending

5वां टी-20 : टीम इंडिया ने जीत के साथ सीरीज पर किया कब्जा

भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज का अंतिम टी-20 मैच 42 रन से जीतकर सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर लिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन बनाए थे, जवाब में जिम्बाब्वे 18.3 ओवर में 125 रन पर ही आउट हो गई।

@Associated Press

संजू सैमसन ने इस मुकाबले में बल्लेबाज की भूमिका को बखूबी अंजाम देते हुए 45 गेंदों पर 58 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चार छक्के लगाए।

शिवम दुबे ने लोअर मिडिल ऑर्डर पर आते हुए 12 गेंदों पर 26 रन बनाए। युवा बल्लेबाज रियान पराग ने 24 गेंदों पर 22 रन की पारी खेली। जिम्बाब्वे के गेंदबाज ब्लेसिंग मुज़ारबानी ने बढ़िया गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट झटके।

168 के लक्ष्य के जवाब में जिम्बाब्वे की शुरुआत काफी खराब रही, जब पारी की तीसरी गेंद पर ही मुकेश कुमार ने वेसली मधेवेरे को बगैर खाता खोले आउट किया। मुकेश ने जिम्बाब्वे के तीसरे नंबर के बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को 10 रन पर चलता करके भारत को दूसरी सफलता दिलाई।

@Associated Press

तदिवानाशे मरुमणि और डियोन मेयर्स के बीच एक साझेदारी बनी, और टीम का स्कोर 50 रन पार हो गया। वाशिंगटन सुंदर ने 27 रन पर तदिवानाशे मरुमणि को पगबाधा करके भारत को तीसरी सफलता दिलाई। शिवम दुबे ने डियोन मेयर्स को 34 रन पर अभिषेक शर्मा के हाथों कैच आउट करा दिया। मेयर्स ने इस पारी में अपनी टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाए।

कप्तान सिकंदर रजा (8) के रन आउट के बाद जोनाथन कैंपबेल (4) और क्लाइव मदांदे (1) के सस्ते में आउट होने के बाद मेजबान टीम की पारी ढह गई। इस दौरान फराज अकरम ने 13 गेंदों पर 27 रन की पारी खेली और बाकी के बल्लेबाज दोहरे अंक से नीचे ही सिमट गए।

भारतीय गेंदबाजी में मुकेश कुमार ने 3.3 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट लिए। शिवम दुबे को चार ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट मिले। अभिषेक शर्मा, वाशिंगटन सुंदर और तुषार देशपांडे को 1-1 विकेट मिला।

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शिवम दुबे को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला। वाशिंगटन सुंदर को प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड मिला है। भारत ने सीरीज का पहला मैच हारने के बाद लगातार चार मैच जीते।