Trending

विंबलडन : कार्लोस अल्कराज लगातार दूसरी बार चैंपियन, जोकोविच की हार

21 वर्षीय स्पेन के कार्लोस अल्कराज ने सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच को विंबलडन फाइनल में हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया। विंबलडन में पिछले साल फाइनल में नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्कराज आमने-सामने थे।

@wimbledon

5 घंटे तक चले मुकाबले में बाजी अल्कराज के हाथ लगी थी। अल्कराज ने पिछले विंबलडन के फाइनल का नतीजा दोहराते हुए जोकोविच को 6-2, 6-2, 7-6 से हराया। यह अल्कराज के करियर का चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब है।

कार्लोस अल्कराज ने 2022 में यूएस ओपन जीता था। पिछले साल उन्होंने विंबलडन जीता था और इस साल फ्रेंच ओपन का खिताब जीता। जोकोविच के लिए 2024 में खिताब का सूखा जारी है।

गेम की शुरुआत से ही अल्कराज जोकोविच पर हावी दिखे और इस दौरान जोकोविच अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर नहीं थे। यही स्थिति दूसरे सेट में जारी रही।

जोकोविच ने तीसरे सेट में वापसी की कोशिश की और 4-5 से पीछे होने बाद अगला गेम जीतकर साबित कर दिया कि वे आसानी से हार नहीं मानने जा रहे हैं। उन्होंने तीसरे सेट का छठा गेम अपने नाम कर लिया, जिसके बाद तीसरा सेट टाई-ब्रेकर में चला गया।

जोकोविच ने टाई-ब्रेकर में 3-3 से गेम को बराबर करके युवा अल्कराज को बहुत आसान जीत हासिल नहीं करने दी। तीनों सेट में अल्कराज की निरंतरता देखने लायक थी और उन्होंने टाई-ब्रेकर को 7-4 से जीतकर दूसरा खिताब अपने नाम किया। इस मैच में अल्कराज ने बैकहैंड का शानदार इस्तेमाल करते हुए पेस जेनरेट की और जोकोविच को लगातार बैकफुट पर रखा।

नोवाक जोकोविच ने सात बार विंबलडन खिताब जीते हैं। आठवां खिताब जीतकर रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गए। अगर जोकोविच यह खिताब जीत जाते तो विंबलडन के इतिहास में ऐसा करने वाले सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी भी बन जाते।