दिव्यांगों का उड़ाया मजाक, फिर मांगी माफ़ी
युवराज सिंह की कप्तानी में इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान चैंपियंस को हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का खिताब जीता था। हरभजन ने हुस्न तेरा तौबा-तौबा… गाने पर रील बनाकर डाली थी। इस रील में युवराज सिंह और सुरेश रैना समेत टीम के अन्य खिलाड़ी थे।

गाने पर डांस करते हुए इन प्लेयर्स ने लंगड़ाने की एक्टिंग की थी, जिसको लेकर वर्ल्ड चैंपियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मानसी जोशी ने युवराज सिंह, सुरेश रैना और हरभजन सिंह की कथित रूप से दिव्यांगों का मजाक उड़ाने के लिए आलोचना करते हुए कहा कि इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया यह वीडियो काफी खराब मिसाल कायम करता है। वीडियो डिलीट हो गया है।
इस वीडियो के लिए संन्यास ले चुके इन तीन पूर्व क्रिकेटरों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है। इस डिलीट कर दिए गए वीडियो में युवराज, हरभजन और रैना लंगड़ाते हुए और अपनी पीठ पकड़े हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो के कैप्शन में लिखा था, ‘बॉडी की तौबा-तौबा हो गई है 15 दिनों के लीजेंड क्रिकेट में…शरीर का हर हिस्सा टूट रहा है। हमारे भाइयों! भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष रवि चौहान को लगता है कि इन क्रिकेटरों ने वीडियो डिलीट करके सही काम किया।
‘नेशनल सेंटर फॉर प्रमोशन ऑफ एम्प्लॉयमेंट फॉर डिसेबल्ड’ (एनसीपीईडीपी) के अध्यक्ष अरमान अली ने अमर कॉलोनी पुलिस थाना के प्रभारी से इन क्रिकेटरों की शिकायत की। उन्होंने मेटा इंडिया की उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संध्या देवनाथन के खिलाफ शिकायत की थी।
वीडियो पर विवाद पैदा होने के बाद हरभजन ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘मैं इंग्लैंड में चैंपियनशिप जीतने के बाद सोशल मीडिया पर हमारे ‘तौबा तौबा’ वाले हाल के वीडियो के बारे में शिकायत कर रहे लोगों को स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते थे।

हम हर व्यक्ति और समुदाय का सम्मान करते हैं और यह वीडियो सिर्फ 15 दिनों तक लगातार क्रिकेट खेलने के बाद हमारे शरीर पर पड़ने वाले असर को दर्शाने के लिए था।
उन्होंने कहा, ‘‘टूटते शरीर… हम किसी का अपमान करने की कोशिश नहीं कर रहे थे… फिर भी अगर लोगों को लगता है कि हमने कुछ गलत किया है… तो मैं अपनी तरफ से बस इतना ही कह सकता हूं कि सभी से माफी चाहता हूं… इसे यहीं रोकें और आगे बढ़ें। खुश और स्वस्थ रहें।