Trending

श्रीलंका दौरा : भारतीय टी-20 टीम के सूर्यकुमार यादव कप्तान, वनडे में रोहित को कमान

श्रीलंका दौरे के लिए बीसीसीआई ने टी-20 और वनडे टीम का ऐलान किया। टी-20 की कमान सूर्यकुमार यादव को दी गई है। वनडे टीम की कमान रोहित शर्मा ही संभालेंगे। विराट कोहली भी टीम में हैं।

@BCCI

श्रीलंका में भारतीय टीम 3 टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। पहला मुकाबला पल्लेकेले में 27 जुलाई को शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा। वनडे सीरीज की शुरुआत 2 अगस्त से कोलंबो में होगी।

भारत ने आखिरी बार 2021 में श्रीलंका का दौरा किया था। टीम ने 3 वनडे और 3 टी-20 मैचों की सीरीज खेली थी। तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती थी। टी-20 सीरीज में भारत को 2-1 से हार मिली थी।

@BCCI

हार्दिक को टी-20 कप्तान नहीं देने की वजह फिटनेस उनकी फिटनेस भी है। पिछले एक साल में हार्दिक चोटों के कारण कई मैच मिस कर चुके हैं। टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर टी-20 कप्तानी में लॉन्ग टर्म ऑप्शन चाहते हैं।

2018 में मुंबई इंडियंस से जुड़ने से पहले सूर्यकुमार यादव चार साल तक कोलकाता नाइट राइडर्स के उपकप्तान रहे। इस दौरान गंभीर टीम के कप्तान थे। 2018 में मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने 3.2 करोड़ की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया।

@BCCI

रोहित शर्मा के साथ ही विराट कोहली वनडे टीम का हिस्सा हैं। रोहित और कोहली ने 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद भारत के लिए कोई वनडे मैच नहीं खेला है। साथ ही वनडे टीम में पहली बार हर्षित राणा और रियान पराग को जगह मिली है। रियान ने भारत के लिए टी-20 खेला है। हर्षित ने अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है।

श्रीलंका दौरा (टीम इंडिया टी-20 स्क्वॉड) : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, रिंकू सिंह, रियान पराग, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई , अर्शदीप सिंह, खलील अहमद, मोहम्मद सिराज

श्रीलंका दौरा (भारतीय टीम वनडे स्क्वॉड) : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, रियान पराग, अक्षर पटेल, खलील अहमद, हर्षित राणा

बतौर भारतीय कोच गौतम गंभीर का यह पहला असाइनमेंट होगा। 42 वर्षीय गंभीर ने द वॉल के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ की जगह ली है। द्रविड़ का कार्यकाल टी-20 वर्ल्ड कप के बाद खत्म हो गया।