मणिपुर की जीत में देवी प्रिया के छह गोल
देवी मुतुम प्रिया की छह गोल से मणिपुर हॉकी ने यहां द्वितीय हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष और महिला पूर्वी क्षेत्र चैंपियनशिप के महिला वर्ग के मैच में असम हॉकी के खिलाफ 12-0 से एकतरफा जीत दर्ज की।

देवी ने मैच के दूसरे, चौथे, सातवें, 26वें, 36वें और 59वें मिनट में गोल दागे। मैच में रीना कोइजम (20वें), तनु शोरेन्सांगबाम (32, 57वें), चानू लीशांगथेम नताली (42, 58वें) और देवी लैशराम रितु (51वें) ने भी विजयी टीम के लिए गोल किये।
हॉकी झारखंड ने हॉकी बिहार को 10-0 से हराया। झारखंड की टीम के लिए मुंडु सुकरमणि ने तीन, रोशनी अइंद, कुमारी शांति और कप्तान रजनी करकेट्टा ने दो-दो गोल किये। सलोमी नाग ने एक गोल किया।
एक अन्य मैच में हॉकी बंगाल ने ओडिशा हॉकी संघ को 3-0 से हराया। पुरुष वर्ग में ओडिशा हॉकी संघ ने हॉकी झारखंड को 2-0, हॉकी बिहार ने असम हॉकी को 7-2 से हराया। इस वर्ग के एक अन्य मुकाबले में मणिपुर हॉकी ने हॉकी बंगाल को 2-1 से हराया।