भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के मुख्य कोच बने स्पेन के मनोलो मार्केज
इंडियन सुपर लीग टीम एफसी गोवा के प्रभारी स्पेन के मनोलो मार्केज को भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम का मुख्य कोच बनाया गया। वह बर्खास्त इगोर स्टिमक की जगह लेंगे। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ की कार्यकारी समिति की बैठक में मार्केज को इस पद के लिए नियुक्त किया गया।

मार्केज एफसी गोवा के मुख्य कोच हैं। एआईएफएफ ने बयान में कहा, ‘‘समिति ने दिन के पहले फैसले में सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम के लिए नए मुख्य कोच की नियुक्ति पर विचार-विमर्श किया और तत्काल प्रभाव से इस पद के लिए मनोलो मार्केज का चयन किया।
उन्होंने कहा, ‘‘ मार्केज 2024-25 सत्र में एफसी गोवा के मुख्य कोच के रूप में भूमिका जारी रखेंगे। वह पूर्णकालिक आधार पर राष्ट्रीय टीम का कोच बनने से पहले दोनों जिम्मेदारियों को एक साथ संभालेंगे।
एआईएफएफ ने मार्केज के कार्यकाल का खुलासा नहीं किया। भारत के 2026 फीफा विश्व कप क्वालीफायर के तीसरे दौर में जगह बनाने में असफल रहने के बाद स्टिमक को 17 जून को मुख्य कोच के पद से बर्खास्त किया गया था।