कोहली से संबंध बहुत अच्छे, सार्वजनिक करने की जरूरत नहीं : गंभीर
भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर ने घोषणा की कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के साथ उनका बहुचर्चित रिश्ता टीआरपी के लिये नहीं, उन दोनों के बीच है और आने वाले समय में दोनों एक लक्ष्य के लिये ही काम करने वाले हैं।

गंभीर और कोहली अच्छे दोस्त नहीं रहे और यह आईपीएल में दोनों के बीच कई बार टकराव से स्पष्ट है। यह जोड़ी 27 जुलाई से श्रीलंका के टी20 और वनडे दौरे से एक साथ काम करेगी।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘टीआरपी के लिये अच्छा है, मेरा रिश्ता सार्वजनिक नहीं है। विराट के साथ मेरा रिश्ता हम दोनों के बीच है और यह दो परिपक्व लोगों के बीच का रिश्ता है।
मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर के साथ गंभीर श्रीलंका दौरे से पहले प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। भारत को श्रीलंका में तीन टी20 और तीन वनडे खेलने हैं। कोहली के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘हमने बहुत चर्चा की है और हर किसी के पास अपनी जर्सी के लिए लड़ने का अधिकार है।
गंभीर ने कहा ,‘‘इस समय हम भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 140 करोड़ भारतीयों का और मुझे यकीन है कि हम एक लक्ष्य के लिये काम कर रहे हैं और भारत को गौरवान्वित करने की कोशिश करेंगे।
टी20 क्रिकेट को अलविदा कहने वाले कोहली श्रीलंका दौरे पर भारत की वनडे टीम में हैं। गंभीर ने कहा कि मैदान से बाहर दोनों के संबंध बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा ,‘‘और ऐसा ही रहेगा। इसे सार्वजनिक करने की जरूरत नहीं। यह दो व्यक्तियों के बीच का संबंध है। मैंने उससे काफी बात की है और एक दूसरे को मैसेज भेजे हैं।
उन्होंने कहा ,‘‘ कई बार हम सिर्फ सुर्खियां चाहते हैं , यह अहम नहीं है। इस समय सबसे अहम बात यह है कि हम दोनों भारत का परचम लहराने के लिये काफी मेहनत करेंगे। यही हमारा काम है।
श्रीलंका दौरे के लिये भारत के पूर्व हरफनमौला अभिषेक नायक और नीदरलैंड के पूर्व बल्लेबाज रियान टेन डोइशे भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा होंगे जो गंभीर के साथ आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये काम कर चुके हैं। गंभीर ने कहा कि सहयोगी स्टाफ के बारे में विस्तार से श्रीलंका दौरे के बाद पता चलेगा।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैं बीसीसीआई से बहुत खुश हूं। उन्होंने मुझे अधिकांश चीजे दी जो मैने मांगी थी। श्रीलंका दौरे के बाद सहयोगी स्टाफ के बारे में विस्तार से जानकारी मिलेगी। अभी अभिषेक और रियान सहायक कोच हैं और टी दिलीप फील्डिंग कोच रहेंगे। साईराज बहुतुले श्रीलंका दौरे के लिये अंतरिम गेंदबाजी कोच हैं।