टोक्यो के सबक के साथ पेरिस ओलंपिक में उतरेंगी मनिका बत्रा
टोक्यो ओलंपिक में भाग लेकर महत्वपूर्ण अनुभव हासिल करने वाली भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा ने कहा कि वह पेरिस ओलंपिक में एक बार में एक मैच पर ध्यान केंद्रित करेंगे और शुरुआती दौर में पदक जीतना उनके दिमाग में नहीं होगा।

उन्होंने अल्टीमेट टेबल टेनिस से कहा,‘‘पिछले ओलंपिक से मुझे काफी कुछ सीखने को मिला और मैंने जो गलतियां वहां की थी उनको इस बार नहीं दोहराऊंगी। उसके बाद मेरी मानसिकता बदली है। मैं अधिक शांत हो गई हूं और मेरा खुद पर भरोसा बढ़ गया है।
उन्होंने कहा,‘‘मैं अपने दमखम और फुर्ती पर ध्यान दे रही हूं और मेरा वास्तविक लक्ष्य पदक के लिए चुनौती पेश करना है। मैं धीरे-धीरे आगे बढूंगी। मैं उस मुकाम पर पहुंचने की कोशिश कर रही हूं जहां मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकूं।
बत्रा ने कहा,‘‘मैं मैच दर मैच आगे बढूंगी और शुरू में ही पदक के बारे में नहीं सोचूंगी। मैं अपने देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहूंगी। भारतीय महिला टीम को पेरिस ओलंपिक में जगह दिलाने में बत्रा ने अहम भूमिका निभाई थी। यह पहला अवसर है, भारतीय टेबल टेनिस टीम ने ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया।
बत्रा ने कहा,‘‘भारत ने पहली बार (ओलंपिक के लिए) क्वालीफाई किया, यह बड़ी उपलब्धि है। मैं इस बात से बहुत खुश हूं कि हम (शिविर में) एक साथ अभ्यास कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हमारे पास पदक जीतने का मौका है और हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। भारत पेरिस में टेबल टेनिस की व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश करेगा।