Trending

टेस्ट रैंकिंग : केन विलियमसन का ताज छीन सकते हैं जो रूट, ब्रूक नंबर 3

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट के बाद आईसीसी ने टेस्ट रैंकिंग जारी कर दी है।
दूसरे टेस्ट में तूफानी शतक जड़ने वाले हैरी ब्रूक और दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को टेस्ट रैंकिंग में फायदा हुआ है। हैरी ब्रूक लंबी छलांग लगाकर नंबर तीन पर आ गए हैं, जो रूट ने न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन को नंबर एक हटाने की तैयारी शुरू कर दी है।

साभार : गूगल

टेस्ट रैंकिंग में केन विलियमसन शीर्ष पर हैं। उनके खाते में 859 रेटिंग अंक हैं। जो रूट 852 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर हैं। हैरी ब्रूक 771 रेटिंग अंक हासिल कर चुके हैं।

इस मुकाबले से पहले वे सातवें पायदान पर थे, अब चार पायदानों की छलांग लगाकर तीसरे पायदान पर पहुंचने में सफल हुए हैं। बाबर आजम, डेरिल मिचेल, स्टीव स्मिथ और रोहित शर्मा को नुकसान हुआ है।

पाक बल्लेबाज बाबर आजम, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डेरिल मिचेल, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ और भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक-एक पायदान नीचे खिसके हैं।

बाबर तीसरे से चौथे, मिचेल चौथे से पांचवें, स्मिथ पांचवें से छठे और रोहित छठे से सातवें स्थान पर आ गए हैं। भारत के ओपनर यशस्वी जायसवाल आठवें पर हैं, नौवें पर श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने और दसवें नंबर पर दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैं।

टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजी में टॉप 10 में बदलाव नहीं हुआ है। आर अश्विन नंबर वन टेस्ट बॉलर हैं। जोश हेजलवुड और जसप्रीत बुमराह संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर हैं।

ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में टॉप 10 में एक बदलाव हुआ है। न्यूजीलैंड के मैट हेनरी टॉप 10 में शामिल हो गए हैं। उनके बराबर ही रेटिंग अंक वेस्टइंडीज के काइल मेयर्स के हैं। इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज तीसरे टेस्ट के बाद टेस्ट रैंकिंग दिलचस्प हो सकती है।