Trending

अभिनव बिंद्रा की इस उपलब्धि को गृहमंत्री अमित शाह ने बताया हर्ष का विषय

पूर्व निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को ‘ओलंपिक आर्डर’ पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान आईओसी ने किया है। उनकी इस उपलब्धि पर देश गौरवान्वित है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इसे हर्ष का विषय बताया है।

साभार : गूगल

उन्होंने एक्स पर लिखा, “ओलंपिक आर्डर पुरस्कार से सम्मानित होने पर अभिनव बिंद्रा को बधाई। अनुकरणीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी, अभिनव बिंद्रा अपने ज्ञानवर्धक मार्गदर्शन से एथलीटों को प्रेरित करते रहते हैं। मेरी सारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।

इससे पहले पीएम मोदी भी पूर्व निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को एक्स पर बधाई दे चुके है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा था कि अभिनव की इस उपलब्धि पर हर भारतीय को गर्व है। 10 अगस्त को पेरिस में आयोजित होने वाले 142वें आईओसी सत्र में भारतीय निशानेबाज को सम्मानित किया जाएगा।

बता दें, ओलंपिक ऑर्डर सम्मान की स्थापना 1975 में हुई थी। शुरुआत में यह पुरस्कार गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज कैटेगरी में विशिष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता था।

आईओसी ओलंपिक की मेजबानी करने वाले राष्ट्र प्रमुखों को यह पुरस्कार देता रहा है। परंपरागत रूप से, आईओसी प्रत्येक ओलंपिक गेम्स के समापन समारोह में मुख्य राष्ट्रीय आयोजक को ओलंपिक ऑर्डर प्रदान करता है।

दुनिया में 116 हस्तियों को गोल्ड ओलंपिक ऑर्डर पुरस्कार मिल चुका है। अब तक इसमें सिर्फ एक भारतीय है। अभिनव को यह सम्मान ओलंपिक आंदोलन में अहम भूमिका निभाने के लिए दिया गया है। वह अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन की मदद से भारतीय खेलों को आगे बढ़ा रहे है।