Trending

खिलाड़ियों के सोचने और प्रेरणा में आया बदलाव : गगन नारंग

पेरिस ओलंपिक में भारतीय दल प्रमुख गगन नारंग ने कहा कि पिछले कुछ सालों में देश के खिलाड़ियों की मानसिकता बदली है और उनका आत्मविश्वास नयी ऊंचाईयों पर पहुंच गया है जिससे उनकी निगाहें स्वर्ण पदक जीतने पर लगी होती हैं।

साभार : गूगल

लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता निशानेबाज नारंग को लगता है कि भारतीय खिलाड़ी अब किसी भी देश से भयभीत नहीं होते।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘अब हमारे खिलाड़ियों के सोचने के तरीके और उनकी प्रेरणा में काफी बदलाव आया है। पहले अन्य देशों के बेहतर होने से हम भयभीत रहते और इतने आत्मविश्वास से भरे नहीं रहते थे। धीरे धीरे इसमें बदलाव हुआ है, मानसिकता बदली है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोग खेलों को देखते हैं, खेलते हैं और फिर खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन भी किया है। आत्मविश्वास नयी ऊंचाई पर है। आज खिलाड़ी सिर्फ भागीदारी के लिए नहीं जाते, बल्कि वे प्रदर्शन करने जाते हैं।

नारंग ने कहा, ‘‘शीर्ष आठ या पांच में शामिल खिलाड़ी आज पदक जीतना चाहता है और कोई और नहीं बल्कि स्वर्ण पदक जीतना चाहता है। आज के खिलाड़ियों की सोच में यही अंतर आया है। उन्होंने कहा, ‘‘वे नहीं सोचते कि कोई भी उनसे ऊपर है। वे प्रतिस्पर्धी को बराबरी पर समझते हैं जो भारतीय खेलों के लिए सकारात्मक संकेत है।