एशिया कप सेमीफाइनल : बांग्लादेश के खिलाफ भारत का दावा मजबूत
भारतीय महिला टीम एशिया कप सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ जीत की प्रबल दावेदार के तौर पर खेलेगी। इसमें शेफाली वर्मा की निगाहें आक्रामक प्रदर्शन करने पर होंगी तो स्मृति मंधाना बड़ा स्कोर बनाने को बेताब होंगी।

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सात विकेट से, संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 78 रन से और नेपाल के खिलाफ 82 रन से मैच जीता।
शेफाली ने 158 रन बनाए हैं जिससे वह टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। निगार सुल्ताना की टीम के खिलाफ शेफाली को अच्छी शुरुआत करानी होगी, विपक्षी टीम के पास धीमी गति के गेंदबाजों की भरमार है।
कप्तान हरमनप्रीत कौर जानती हैं कि सेमीफाइनल और फाइनल ही ज्यादा मायने रखते हैं। भारतीय ऑफ स्पिनर दीप्ति ने अब तक तीन मैचों में आठ विकेट लेकर गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया है। भारत की नयी गेंद की जोड़ी रेणुका सिंह ठाकुर और पूजा वस्त्रकार ने शानदार प्रदर्शन किया है।
ग्रुप लीग चरण में भारत यूएई और नेपाल से भिड़ी थी जिनका गेंदबाजी आक्रमण इतना शानदार नहीं है, अब उसे निश्चित रूप से बांग्लादेश की अच्छी धीमी गेंदबाजों से चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
बाएं हाथ की स्पिनर नाहिदा अख्तर और युवा लेग स्पिनर राबिया खान दोनों ने पांच-पांच विकेट लिए हैं। मध्यम गति की गेंदबाजी में अनुभवी जहांआरा आलम के साथ रितु मोनी हैं।
बांग्लादेश के पास प्रभावशाली बल्लेबाज नहीं हैं जिससे भारत 140 से अधिक रन बनाता है तो काफी हो सकता है। दूसरी पारी में पिच धीमी हो रही जिससे भारत इस पिच पर लक्ष्य का बचाव करना चाहेगा। सेमीफाइनल दोपहर में होगा।