Trending

पहला टी-20 : सूर्यकुमार यादव का अर्धशतक, भारत की 43 रन से जीत

भारतीय टीम और श्रीलंका टीम के बीच हुए पहले टी-20 में सूर्यकुमार यादव की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मैच 43 रन से जीता। टी-20 सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

@Getty Images

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 7 विकेट पर 213 रन बनाया था। जवाब में श्रीलंका 170 रन ही बना पाई। श्रीलंका ने टॉस जीता और गेंदबाजी चुनी। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने 74 रन जोड़े।

सूर्यकुमार यादव (58) और ऋषभ पंत (49) ने अच्छी पारियां खेली। मथीशा पथिराना ने श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। जवाब में पथुम निसांका (79) और कुसल मेंडिस (45) ने अच्छी पारी खेली, टीम को जीत नहीं दिला पाए। भारत के लिए रियान पराग ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

सूर्यकुमार ने 26 गेंद का सामना किया और 58 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 223.08 की रही। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 20वां और श्रीलंका के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 22 गेंदों में पूरा किया।

सूर्यकुमार ने पंत के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 43 गेंदों में 76 रन की अहम साझेदारी निभाई। सूर्या कमाल के फॉर्म में हैं। पंत ने 33 गेंद का सामना किया और 49 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 148.48 की रही।

अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने टी-20 करियर में 5,000 रन पूरे कर लिए। पंत ने अब तक अपने टी-20 करियर में 201 मुकाबले खेले हैं। इसकी 190 पारियों में उन्होंने 31 से ज्यादा की औसत से 5,020 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 25 अर्धशतक और 2 शतक निकले हैं।

पथिराना ने 4 ओवर में 10 की इकॉनमी से 40 रन खर्च करते हुए 4 विकेट झटके। उन्होंने सूर्यकुमार (58), हार्दिक पांड्या (9), पराग (7) और ऋषभ पंत (49) को अपना शिकार बनाया। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनका दूसरा और भारत के खिलाफ पहला ही 4 विकेट हॉल था।

वह अब तक इस प्रारूप में 10 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 10 पारियों में 15.50 की औसत और 8.45 की इकॉनमी से कुल 18 विकेट अपने नाम किए हैं। निसांका ने 48 गेंद का सामना किया और 79 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 164.58 की रही।

उन्होंने पहले विकेट के लिए मेंडिस के साथ 84 रन की साझेदारी निभाई। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशक रहा। उन्होंने भारत के खिलाफ तीसरा अर्धशतक जड़ा है। अब तक इस खिलाड़ी ने अपने करियर में 52 मैच खेले हैं और 28.33 की औसत से 1,360 रन बनाए हैं।