पेरिस ओलंपिक : डोपिंग की वजह से नाइजीरिया की मुक्केबाज बाहर
नाइजीरिया की मुक्केबाज सिंथिया ओगुनसेमिलोर को प्रतिबंधित डोपिंग पदार्थ के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद पेरिस ओलंपिक से बाहर कर दिया गया है।

अंतरराष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के अनुसार अफ्रीकी खेलों की लाइटवेट विजेता ओगुनसेमिलोर का गुरुवार को परीक्षण हुआ था और उनके मूत्र में फ़्यूरोसेमाइड पाया गया है। फ़्यूरोसेमाइड एक मास्किंग एजेंट है जो अन्य दवाओं की उपस्थिति को छिपा सकता है।
एजेंसी के अनुसार ओगुनसेमिलोर को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है और वह ओलंपिक में भाग नहीं ले सकती हैं। इस मुक्केबाज को 60 किग्रा भार वर्ग में चौथी वरीयता मिली थी तथा उन्हें पहला मुकाबला सोमवार को खेलना था।
ओगुनसेमिलोर ने पिछले साल अपने वजन वर्ग में अफ्रीकी खेलों का खिताब जीता था। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कांस्य पदक जीता था। वह डोपिंग के चलते पेरिस ओलंपिक से बाहर होने वाली दूसरी खिलाड़ी हैं। इससे पहले शुक्रवार को इराकी जुडोका सज्जाद सेहेन का परीक्षण पॉजिटिव पाया गया था।