एशिया महिला कप : भारत का सपना टूटा, श्रीलंका चैंपियन
भारतीय महिला टीम को एशिया कप के फाइनल में हार मिली। इस खिताबी मुकाबले में श्रीलंका महिला टीम ने भारत को 8 विकेट से हराते हुए पहला खिताब जीता। फाइनल में भारत ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 165 रन बनाया। जवाब में मेजबान टीम ने 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।

भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने अर्धशतक लगाया। मध्यक्रम में जेमिमा रोड्रिगेज (29) और रिचा घोष (30) ने उपयोगी पारियां खेली और टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में श्रीलंका से चमारी अट्टापटु (61) ने अर्धशतक लगाते हुए जोरदार शुरुआत दिलाई। उनके विकेट के पतन के बाद हर्षिता समरविक्रमा (69) ने बेहतरीन अर्धशतक लगाते हुए टीम को जीत दिलाई। भारत अपना आठवां खिताब जीतने से चूक गया।
मंधाना ने 47 गेंद का सामना किया और 60 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 127.66 की रही। उन्होंने पहले विकेट के लिए शेफाली वर्मा के साथ 38 गेंद में 44 रन की साझेदारी निभाई। हरमनप्रीत कौर के साथ उन्होंने 29 रन जोड़े।
उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 26वां अर्धशतक लगाया है। श्रीलंका के खिलाफ इस खिलाड़ी ने अपना दूसरा अर्धशतक और सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया है। अट्टापट्टू ने मैच में 43 गेंद का सामना किया और 61 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 141.86 की रही।
तीसरे विकेट के लिए इस खिलाड़ी ने हर्षिता समरविक्रमा के साथ 63 गेंद में 87 रन जोड़ दिए। बता दें कि टीम को पहला झटका 7 रन पर लग गया था। दोनों ने मिलकर श्रीलंका की पारी संभाली।
अट्टापट्टू एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उनके बल्ले से 5 मैच में 101.33 की औसत और 146.85 की स्ट्राइक रेट से 304 रन निकले हैं। उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 119* रन रहा है।
दूसरे स्थान पर शेफाली हैं। उन्होंने 5 मैच में 50 की औसत से 200 रन बनाए हैं। तीसरे स्थान पर मंधाना हैं, जिन्होंने 5 मैच में 173 रन जड़े हैं। शीर्षक्रम की बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का अपना छठा अर्धशतक लगाया।
उन्होंने 51 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के लगाए। उनके अब 63 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 28.52 की औसत और 95.21 की स्ट्राइक रेट से 1,312 रन बनाए।
भारत के विरुद्ध समरविक्रमा ने अपना पहला अर्धशतक लगाया। भारतीय टीम के खिलाफ इस बल्लेबाज ने 7 मैचों में 140 रन बनाए हैं। श्रीलंका महिलाओं के एशिया कप जीतने वाला सिर्फ तीसरा देश बना है। उनसे पहले भारत और बांग्लादेश खिताब जीत चुके थे।
भारतीय महिला टीम ने अब तक 9 महिला एशिया कप संस्करणों में से 7 में खिताब जीता है। भारत ने 4 बार वनडे प्रारूप (2004, 2005-06, 2006 और 2008) और 3 बार टी-20 प्रारूप (2012, 2016 और 2022) में खिताब पर कब्जा जमाया था। बांग्लादेश महिला टीम 2018 में विजेता बनी थी।