Trending

मनु भाकर एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय, अब सरबजोत के साथ कांसे पर लगाया निशाना

पेरिस ओलंपिक में एक बार फिर से भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने तब इतिहास रचा, जब उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि से उन्होंने देश का नाम रोशन किया और निशानेबाजी में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया।

साभार : गूगल

रविवार को मनु महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई। मनु एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली भारत की पहली एथलीट बन गई है।

रविवार को भारत की निशानेबाज मनु ने ओलंपिक शूटिंग में भारत का 12 साल का पदक का सूखा समाप्त करते हुए महिला 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में कांस्य पदक जीत लिया है।

मनु ने 27 जुलाई को इस इवेंट में फाइनल में क्वालीफाई किया था। रविवार को उन्होंने फाइनल में 221.7 अंक जुटाए। इस इवेंट का स्वर्ण और रजत पदक कोरिया के नाम रहा।

कोरियाई खिलाड़ी ओह ये जिन ने 243.2 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। कोरिया की दूसरी खिलाड़ी किम येजी 241.3 अंकों के साथ रजत पदक अपने नाम करने में सफल रहीं।

निशानेबाजी में भारत का छठां मेडल

भारत ने निशानेबाजी में इससे पहले कुल 5 ओलंपिक पदक जीते थे, जिसमें 1 स्वर्ण, 2 कांस्य और 2 रजत पदक थे।
साल 2008 में स्वर्ण पदक जीतते हुए दिग्गज अभिनव बिंद्रा व्‍यक्तिगत स्‍वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बने थे।

राज्यवर्धन सिंह (2004 में रजत), गगन नारंग (2012 में कांस्य) और विजय कुमार (2012 में रजत) निशानेबाजी में ओलंपिक पदक जीतने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं।