पेरिस ओलंपिक : तीसरी हार के साथ अश्विनी और तनीषा का सफर खत्म
अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो को पेरिस ओलंपिक की महिला युगल स्पर्धा के ग्रुप सी में अपने से खराब रैंकिंग वाली सेतियाना मोपासा और एंजेला यू की ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी के खिलाफ हार मिली, जिससे व्यक्तिगत स्पर्धा में भारतीय जोड़ी के अभियान का लगातार तीसरी हार के साथ निराशाजनक अंत हुआ।

अश्विनी और तनीषा की दुनिया की 18वें नंबर की जोड़ी को मापुसा और यू की दुनिया की 26वें नंबर की जोड़ी के खिलाफ 38 मिनट में 15-21, 10-21 से हारी।
ग्रुप सी से किम सो यिओंग और कोंग ही योंग की दक्षिण कोरियाई जोड़ी तथा नामी मात्सुयामा और चिहारू शिदा की जापान की चौथी वरीय जोड़ी ने शीर्ष दो स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इन दोनों जोड़ियों ने अश्विनी और तनीषा की जोड़ी को हराया था।
ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी ने अपने से बेहतर रैंकिंग वाली भारतीय जोड़ी के खिलाफ जल्द ही लय हासिल कर ली। अश्विनी और तनीषा पूरे मुकाबले के दौरान बिलकुल भी लय में नहीं दिखी। मोपासा और यू ने 6-4 की बढ़त बनाई, भारतीय जोड़ी 7-7 पर बराबरी हासिल करने में सफल रही।
तनीषा ने 10-9 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की दोनों खिलाड़ियों के बीच शॉट खेलकर ब्रेक तक 11-9 की बढ़त बनाई। इंडोनेशिया की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी की गल्तियों का फायदा उठाकर स्कोर 12-12 किया और लगातार पांच अंक के साथ 17-13 की बढ़त बनाई।
तनीषा ने 15-19 के स्कोर पर बाहर शॉट मारकर ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी को पांच गेम प्वाइंट दिए और अगले अंक पर अश्विनी की गलती ने गेम मोपासा और यू की झोली में डाल दिया। दूसरे गेम में ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी ने बेहतर शुरुआत करते हुए 6-3 की बढ़त बनाई और लगातार पांच अंक के साथ इस बढ़त को 13-6 किया।
मोपासा और यू को 19-9 के स्कोर पर भारतीय जोड़ी ने बाहर शॉट मारकर 11 मैच प्वाइंट दिए। अश्विनी और तनीषा ने एक मैच प्वाइंट बचाया, अगले अंक पर भारतीय खिलाड़ियों के बीच गलतफहमी से ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ने अंक जुटाकर मैच जीत लिया।