तीसरा टी-20 : सुपर ओवर में जीत के साथ भारत का सीरीज पर कब्जा
भारतीय टीम ने तीसरे टी-20 में श्रीलंका टीम को सुपर ओवर से हराया। भारत ने सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 137 रन बनाए थे। जवाब में मेजबान टीम 8 विकेट पर 137 रन ही बना सकी।

मैच का परिणाम सुपर ओवर से निकला। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती 6 ओवर में 30 रन तक 4 विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल (10), संजू सैमसन (0), रिंकू सिंह (1) और सूर्यकुमार यादव (8) सस्ते में आउट हो गए।
मुश्किल घड़ी में शुभमन गिल (39), रियान पराग (26) और वाशिंगटन सुंदर (25) ने उपयोगी पारियां खेली। जवाब में कुसल मेंडिस (43) और कुसल परेरा (46) ने अच्छी पारियां खेली। आखिर में श्रीलंकाई पारी लड़खड़ा गई और मैच टाई हो गया।
सुपर ओवर में भारत से वाशिंगटन सुदंर गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने दूसरी गेंद पर परेरा और तीसरी गेंद पर असलंका के विकेट लिए। उन्होंने 1 रन वाइड से भी दिया। श्रीलंका ने सुपर ओवर में सिर्फ 2 रन बनाए।
जवाब में भारत से सूर्यकुमार ने तीक्षणा की पहली ही गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। बता दें कि सूर्यकुमार के साथ गिल सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने आए थे।

भारत की पारी के दूसरे ओवर में जायसवाल को आउट करके तीक्षणा ने अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने अपने अगले ओवर में रिंकू को आउट किया। तीक्षणा ने अपना आखिरी विकेट सुंदर के रूप में लिया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 27 रन दिए।
उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 52 मैचों में 6.84 की इकॉनमी रेट और 27.20 की औसत के साथ 49 विकेट लिए हैं। सैमसन इस सीरीज में लगातार दूसरे टी-20 में शून्य पर आउट हुए। वह सीरीज के दूसरे टी-20 में बतौर सलामी बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके थे।
वह पिछले 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 3 बार शून्य पर आउट हुए हैं। वह किसी एक साल में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 3 बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बने हैं। उन्होंने यूसुफ पठान (2009), रोहित शर्मा (2018 और 2022) और विराट कोहली (2024) की सूची में शामिल हुए।
श्रीलंका ने जब 58 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया था, तब परेरा क्रीज पर आए। तब उन्होंने अपनी उम्दा फॉर्म जारी रखते हुए भारतीय गेंदबाजों की खूब धुनाई की। वह अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 15वां अर्धशतक लगाने से चूक गए। उन्होंने 34 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली।
उन्होंने कुसल मेंडिस के साथ मिलकर 52 रन की साझेदारी भी की। मेंडिस ने 41 गेंदों पर 3 चौकों से 43 रन बनाए। सुंदर ने अपने 4 ओवर में 23 रन देते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने वनिंदु हसरंगा और असलंका के रूप में अहम विकेट चटकाए।
बिश्नोई ने आज महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने 4 ओवर में 38 रन दिए। इस बीच उन्होंने 2 सफलताएं हासिल की। रिंकू ने 1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने 2 विकेट लेते हुए मैच को रोचक कर दिया। उन्होंने अपने इकलौते ओवर में 3 रन दिए थे।
श्रीलंका को आखिरी ओवर में 6 रन की जरुरत थी। भारत से कप्तान सूर्यकुमार गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने पहली गेंद पर कोई रन नहीं दिया और अगली 2 गेंद पर कामिंदु मेंडिस और तीक्षणा के विकेट ले लिए।
20वें ओवर की चौथी गेंद पर असिथा फर्नांडो ने 1 रन ले लिया। आखिरी 2 गेंदों पर चामिंडू विक्रमसिंघे ने 2-2 रन दौड़कर मैच को टाई करा दिया।