Trending

पेरिस ओलंपिक : लक्ष्य सेन सेमीफाइनल में, अपने नाम की ये खास उपलब्धि

पेरिस ओलंपिक में बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने पुरुष एकल मैच में ताइपे के खिलाड़ी चू टिन चेन को 2-1 से हराया। पहला गेम वह 21-19 से हारे इसके बाद उन्होंने 21-15 और 21-12 से लगातार 2 गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

_Badminton Photo

इस जीत के साथ ही भारतीय शटलर ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेन ऐसे पहले भारतीय पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी हैं जो ओलंपिक का सेमीफाइनल खेलेंगे। पहले गेम में सेन ने अच्छा खेल दिखाया, चेन हावी रहे और मध्यांतर तक 11-9 और इसके बाद 21-19 से गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में सेन ने जोरदार वापसी की और रोचक मुकाबले में मध्यांतर तक वह 11-10 से आगे रहे। इसके बाद उन्होंने पूरा गेम ही पलट दिया और 21-15 से दूसरा गेम जीत गए। तीसरे गेम में सेन ने ताइपे के खिलाड़ी को मौका ही नहीं दिया और 21-12 से जीत गए।

राउंड ऑफ-16 में सेन का सामना हमवतन एचएस प्रणय से था। उन्होंने मुकाबला 21-12 और 21-6 से अपने नाम किया था। प्रणय का सफर पेरिस ओलंपिक से खत्म हो गया था। दोनों गेम में सेन ने कमाल का खेल दिखाया था। उन्होंने प्रणय को मौका ही नहीं दिया।

पहले गेम के मध्यांतर तक सेन 11-6 से आगे थे। दूसरे गेम के मध्यांतर तक वह 11-3 से आगे चल रहे थे और उसे ही जीत में बदल दिया। इस भारतीय खिलाड़ी ने इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को 21-18, 21-12 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई थी।

क्रिस्टी ने पहले गेम में लगातार 5 अंक लेते हुए जोरदार शुरुआत की थी और एक समय 8-2 की बढ़त बनाई थी। सेन ने जोरदार वापसी की और क्रिस्टी के शानदार प्रदर्शन के बावजूद पहला गेम अपने नाम कर लिया था।

दूसरे गेम को तो लक्ष्य ने सिर्फ 23 मिनट में अपने नाम कर लिया। सेन ने अपने पहले मैच में केविन कॉर्डन को 21-8, 22-20 से हराया था। हार के बाद कॉर्डन ने बाएं कोहनी की चोट के कारण मौजूदा टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था।

ऐसे में बीडब्ल्यूएफ जनरल कॉम्पिटिशन रेगुलेशन के अनुसार सेन की इस मैच के परिणाम को हटा दिया गया था। सेन ने अपने ग्रुप में जूलियन कैराग्गी और क्रिस्टी को हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई थी।

पेरिस ओलंपिक में पदक की सबसे बड़ी उम्मीद पीवी सिंधु को चीन की बिंग जियाओ ने 21-19 और 21-14 से हराकर बाहर कर दिया था। मुक्केबाज निखत जरीन का पदक जीतने का सपना टूट गया था। उन्हें चीन की वू यू ने एकतरफा मुकाबले में हराया था।

बैडिंमटन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई है। एचएस प्रणय भी बाहर हो गए हैं। सेन से भारत को पदक की उम्मीद है।