Trending

साई लखनऊ के प्रिंस व अंश खुराना ने एक्वाथलॉन में जीते स्वर्ण

लखनऊ। साई लखनऊ के प्रिंस व अंश खुराना ने प्रथम लखनऊ ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन-2024 प्रतियोगिता के पहले दिन हुई एक्वाथलॉन की स्पर्धा में पहले तैराकी की और फिर दौड़ लगाते हुए कड़ी चुनौती के बाद स्वर्णिम सफलता हासिल की।

प्रथम लखनऊ ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन-2024

उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के तत्वावधान में भारतीय खेल प्राधिकरण क्षेत्रीय केंद्र, सरोजनीनगर लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में पहले दिन एक्वाथलॉन की स्पर्धाएं हुई। इसमें प्रिंस ने बालक ग्रुप टू (15 से 16 वर्ष) और अंश खुराना ने बालक ग्रुप 3 (14 से 13 वर्ष) में सर्वश्रेष्ठ समय निकाला।

रविवार को होगी ट्रायथलॉन व छोटे बच्चों की एक्वाथलॉन की स्पर्धाएं

वहीं आईटी कॉलेज की अविधा पंडित ने आज सबसे कठिन स्पर्धा महिला (19 वर्ष से अधिक) में प्रतिभाग किया जिसमें 500 मी.तैराकी के बाद 5 किमी. दौड़ पूरी करनी होती है। इस वर्ग में अकेली प्रतिभागी रही अविधा ने यह दूरी 50 मिनट 27 सेकेंड के समय के साथ पूरी की।

एक्वाथलॉन : खिलाड़ियों ने पहले की स्वीमिंग, फिर दौड़ में पेश की चुनौती

बालक ग्रुप – 2 (15 से 16 वर्ष, 250 मी.तैराकी, 2 किमी. दौड़) में साई लखनऊ के प्रिंस ने 10 मिनट 6 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। सीएमएस राजेंद्र नगर प्रथम के अयान यादव ने 11 मिनट 4 सेकेंड के समय के साथ रजत जीता। सीएमएस अलीगंज के कृष्णा दुबे को 12 मिनट 24 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक मिला।

बालिका ग्रुप -2 (15 से 16 वर्ष, 250 मी.तैराकी, 2 किमी. दौड़) में एलैन हाउस वृंदावन की नंदिनी रमन यादव 16 मिनट 44 सेकेंड के समय के साथ अव्वल रही। डीपीएस गोमतीनगर विस्तार की अनुश्रुति सिंह ने 17 मिनट 9 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक और डीपीएस जानकीपुरम की आकर्षिका सिंह ने 22 मिनट 45 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।

बालक ग्रुप -3 (14 से 13 वर्ष, 250 मी. तैराकी, 1.5 किमी. दौड़) में साई लखनऊ के अंश खुराना ने 10 मिनट 21 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। साई लखनऊ के चैतन्य निम्बकर ने 10 मिनट 48 सेकेंड के समय के साथ रजत व केवीएस सीआरपीएफ के अर्घोदीप बिस्वास ने 11 मिनट 20 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।

बालिका ग्रुप -3 ( 14 से 13 वर्ष, 250 मी. तैराकी, 1.5 किमी. दौड़) में डीपीएस गोमतीनगर विस्तार की अनन्या सिंह ने 18 मिनट 8 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण व इसी स्कूल की वान्या पालीवाल ने 21 मिनट 7 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता। बालिका ग्रुप 1 (17 से 18 वर्ष, 350 मी.तैराकी, 2.5 किमी.दौड़) में सीएमएस राजेंद्र नगर प्रथम की प्रज्ञा अग्रवाल ने स्वर्ण पदक जीता।

इससे पूर्व उद्घाटन प्रतियोगिता निदेशक रविन कपूर ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता गोताखोर कीर्ति प्रकाश मिश्रा, लक्ष्मण अवार्डी तैराक उमेश प्रसाद व अंतराष्ट्रीय पदक विजेता गोताखोर सचिन त्रिपाठी की गरिमामयी मौजूदगी में किया।

आज उद्घाटन के दौरान उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के सचिव संदीप मिश्रा ने अतिथिगण का स्वागत करते हुए प्रतिभागी टीमों में शामिल खिलाड़ियों का आभार जताया और बताया कि रविवार 4 अगस्त को ट्रायथलॉन के साथ छोटे बच्चों (7 से 12 वर्ष) के लिए एक्वाथलॉन की भी स्पर्धाएं होंगी।