बेंगलुरू में होगी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी की शुरुआत
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि यहां जल्द ही एक नयी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन किया जाएगा और इसमें 45 अभ्यास पिचें तथा अन्य सुविधाओं के साथ एक ओलंपिक आकार का तरणताल होगा।

उन्होंने बताया कि बेंगलुरू में नए एनसीए में ‘अत्याधुनिक प्रशिक्षण, उबरने और खेल विज्ञान सुविधाएं’ भी होंगी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘‘यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि बीसीसीआई की नई राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी लगभग पूरी हो गई है और जल्द ही बेंगलुरू में खुलेगी।
उन्होंने लिखा, ‘‘नए एनसीए में तीन विश्व स्तरीय खेल मैदान, 45 अभ्यास पिचें, इनडोर क्रिकेट पिचें, ओलंपिक आकार का तरणताल और अत्याधुनिक प्रशिक्षण, उबरने और खेल विज्ञान सुविधाएं होंगी।
शाह ने कहा कि यह पहल देश के मौजूदा और भविष्य के क्रिकेटरों को सर्वोत्तम संभव माहौल में अपना कौशल विकसित करने में मदद करेगी। मौजूदा एनसीए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के परिसर में स्थित है और बीसीसीआई जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ पूर्वोत्तर में एनसीए शुरू करने की प्रक्रिया में है।