पेरिस ओलंपिक कुश्ती : विनेश सहित सभी छह पहलवानों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद
भारत को अगर ओलंपिक की कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतने का सिलसिला जारी रखना है तो फिर सोमवार से शुरू होने वाले मुकाबलों में विनेश फोगाट सहित सभी छह पहलवानों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

भारत ने बीजिंग ओलंपिक 2008 से लेकर प्रत्येक ओलंपिक खेल में कुश्ती में पदक जरूर जीता है। ऐसे में सबकी निगाह पहलवान विनेश पर रहेंगी।
विनेश ने विश्व चैंपियनशिप में दो, राष्ट्रमंडल खेल में तीन और एशियाई चैंपियनशिप में आठ पदक जीते हैं, वह ओलंपिक पदक नहीं जीत सकी है।
अंतिम पंघाल ने उनके वजन वर्ग 53 किग्रा में कोटा हासिल कर दिया। विनेश को 50 किग्रा वजन वर्ग में अपनी चुनौती पेश करनी पड़ रही है।
विनेश के इस वजन वर्ग में कई दिग्गज पहलवान हैं जिनमें चार बार की विश्व चैंपियन युई सुसाकी, चार बार की ओलंपिक पदक विजेता मारिया स्टैडनिक, टोक्यो की कांस्य विजेता सारा हिल्डेब्रांट और दो बार की विश्व पदक विजेता डोलगोरजाविन ओटगोंजरगल हैं।
अंशू मलिक (महिला 57 किग्रा) और अमन सहरावत (पुरुषों का 57 किग्रा) पदक के दावेदारों में हैं। अंशु की फिटनेस को लेकर संदेह है, अभ्यास के दौरान उनकी गर्दन में ऐंठन आ गई थी।
भारत पहली बार महिलाओं के 76 किग्रा हैवीवेट वर्ग में चुनौती पेश करेगा जिसमें रीतिका दांव लगाएगी। उन्हें पदक का दावेदार नहीं माना जा रहा है, वह छुपा रुस्तम साबित हो सकती है और अपने प्रदर्शन से लोगों को चौंका सकती है।
ओलंपिक में चुनौती पेश कर रही भारत की एक अन्य पहलवान निशा दहिया के पास कम अनुभव है। वह महिलाओं के 68 किग्रा भार वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेगी।