पेरिस ओलंपिक : ग्रेट ब्रिटेन पर जीत, भारतीय पुरुष हॉकी टीम सेमीफाइनल में
पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। उसने ग्रेट ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। फुल टाइम तक मैच 1-1 की बराबरी पर था। टोक्यो ओलंपिक में भी भारत ने ग्रेट ब्रिटेन को ही क्वार्टरफाइनल में हराया था और सेमीफाइनल में पहुंचे थे।

लगातार दूसरी बार भारत ने ओलंपिक सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले क्वार्टर में ग्रेट ब्रिटेन को 2 पेनल्टी कॉर्नर मिले, अमित रोहिदास की शानदार डिफेंस के कारण वह गोल नहीं दाग पाए। गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कई बचाव किए। भारत ने पहले क्वार्टर में 1 भी गोल नहीं दागा।
दूसरे क्वार्टर में अमित को रेड कार्ड मिला और वह मुकाबले से बाहर हो गए। हरमनप्रीत ने 21वें मिनट में शानदार गोल दागा। ली मॉर्टन ने ग्रेट ब्रिटेन की वापसी कराई और स्कोर 1-1 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में ग्रेट ब्रिटेन ने जोरदार आक्रमण किए, उन्हें पेनल्टी कॉर्नर जल्दी-जल्दी मिले, श्रीजेश ने उन्हें गोल करने का मौका नहीं दिया। भारत के खिलाड़ी गेंद अपने पास पास ज्यादा देर तक नहीं रख पाए।

दोनों टीमों से 1 भी गोल नहीं आया और स्कोर 1-1 से बराबर रहा। चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रमण तो किए, गोल कोई नहीं कर पाया। समय खत्म होने के कारण मुकाबला शूटआउट में गया।
पेनल्टी शूटआउट में ग्रेट ब्रिटेन ने पहले 2 गोल दागे, वह तीसरा शॉट गोल-पोस्ट में नहीं भेज सके। चौथे शॉट में श्रीजेश ने कमाल का बचाव किया। भारत के लिए शूटआउट में हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल ने गोल दागा।
पूल-B के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने इतिहास रचा था। उन्होंने 1972 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया को ओलंपिक में 3-2 से हराया था। भारत से अभिषेक ने 1 गोल और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 2 गोल दागे थे। ऑस्ट्रेलिया के लिए थॉमस क्रेग और ब्लेक गोवर्स ने गोल किया था।
पहले हाफ की समाप्ति तक स्कोर 2-0 भारत के पक्ष में था। कंगारू टीम ने दूसरे हाफ में वापसी की, मैच नहीं जीत पाए। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत अब पेरिस ओलंपिक में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने इस ओलंपिक में 7 गोल दागे हैं। ऑस्ट्रेलिया हॉकी टीम के ब्लेक गोवर्स ने भी इस ओलंपिक में 7 गोल अपने नाम किए हैं। अब भारत को पेरिस ओलंपिक में पदक के लिए 1 जीत की जरूरत है। टोक्यो ओलंपिक में भारत ने कांस्य पदक जीतकर हॉकी में 41 साल का ओलंपिक पदक का सूखा खत्म किया था।
भारत ने जर्मनी को एक रोमांचक मुकाबले में 5-4 से हराया था। इससे पहले भारत ने आखिरी बार 1980 में हॉकी में ओलंपिक पदक जीता था। भारत ने पुरुष हॉकी में 8 ओलंपिक स्वर्ण सहित कुल 12 पदक जीते हैं।