पेरिस ओलंपिक : फाइनल में जगह बनाने में एल्ड्रिन और पारुल नाकाम
भारत का पेरिस ओलंपिक की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में निराशाजनक प्रदर्शन रविवार को जारी रहा जब राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक पारुल चौधरी और जेसविन एल्ड्रिन क्रमशः महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ और पुरुषों की लंबी कूद में फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे।

पारुल ने अपनी हीट रेस में आठवें और 21वें स्थान पर रहकर अपना अभियान समाप्त किया। ओलंपिक से पहले अमेरिका में पेरिस की अनुकूल परिस्थितियों में अभ्यास करने वाली पारुल ने नौ मिनट 23.39 सेकेंड में दूरी तय की, जो उनके इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
वह अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड नौ मिनट 15.31 सेकंड से काफी पीछे रही जो उन्होंने 2023 में विश्व चैंपियनशिप में बनाया था।
पारुल की हीट रेस में युगांडा की मौजूदा ओलंपिक चैंपियन पेरुथ चेमुताई ने 9:10.51 के साथ पहले नंबर पर रही। कीनिया की फेथ चेरोटिच (9:10.57) और जर्मनी के गेसा फेलिसिटास क्रूस (9:10.68) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रही।
वह और अंकिता ध्यानी महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ के लिए क्वालीफाई करने में असफल रही थी। पुरुषों की लंबी कूद के क्वालिफिकेशन राउंड में एल्ड्रिन अपने पहले दो प्रयासों में फाउल कर गए, तीसरे प्रयास में 7.61 मीटर तक ही पहुंच पाए।
वह ग्रुप बी क्वालीफिकेशन में 16 खिलाड़ियों में 13वें और 26वें स्थान पर रहे। एल्ड्रिन का सत्र में सर्वश्रेष्ठ 7.99 मीटर और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.42 मीटर है।