दूसरा वनडे : जीत के साथ श्रीलंका ने बनाई सीरीज में बढ़त
श्रीलंका टीम ने दूसरे वनडे में भारतीय टीम को 32 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 240 रन बनाया। जवाब में मेहमान टीम कप्तान रोहित शर्मा की पारी (64) के बावजूद लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।

पथुम निसानका (0) का विकेट जल्दी गंवाने के बाद श्रीलंका को अविष्का फर्नांडो (40) और कुसल मेंडिस (30) ने संभाला। श्रीलंका ने नियमित विकेट गंवाए और स्कोर एक समय 136/6 हो गया। मुश्किल घड़ी में दुनिथ वेल्लालागे (39) और कामिंदु मेंडिस (40) ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में रोहित और शुभमन गिल (35) ने 97 रन की साझेदारी की। इनके आउट होने के बाद श्रीलंकाई स्पिनरों के सामने भारत 208 पर ढेर हो गया।
भारत से वाशिंगटन सुंदर ने 10 ओवर में 30 रन देते हुए 3 विकेट चटकाए। सुंदर ने वनडे क्रिकेट में संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया। उन्होंने 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर भी 30 रन देते हुए 3 विकेट लिए थे।
उन्होंने 21 वनडे में 27.13 की औसत और 4.77 की इकॉनमी रेट से 22 विकेट लिए हैं। रोहित ने 44 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों से 64 रन बनाए। उन्होंने 10वें ओवर में अर्धशतक पूरा कर लिया था।

साथ ही वह वनडे में पहले 10 ओवरों में सर्वाधिक (4) अर्धशतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। इस मामले में वीरेंद्र सहवाग (7) पहले पायदान पर हैं।
वह अब तक 264 मैच की 256 पारियों में 49.23 की औसत और 92.30 की स्ट्राइक रेट के साथ 10,831 रन बना चुके हैं। रोहित ने अपनी इस पारी के दौरान रनों के मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा। वह भारत से अब चौथे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
इस प्रारूप में उनसे ज्यादा रन सिर्फ सचिन तेंदुलकर (18,426), विराट कोहली और सौरव गांगुली (11,221) ने बनाए हैं। द्रविड़ ने अपने वनडे करियर में 340 मैचों में लगभग 40 की औसत के साथ 10,768 रन बनाए थे।
श्रीलंका की इस जीत में जेफरी वेंडरसे की अहम भूमिका रही। उन्होंने स्पिन के लिए मददगार दिख रही कोलंबो की पिच पर कुल 6 विकेट लिए। यह उनके वनडे करियर का पहला 5 विकेट हॉल रहा। वह भारत के विरुद्ध 5 विकेट हॉल लेने वाले दूसरे लेग स्पिनर बने।
उनसे पहले यह कारनामा पाकिस्तान टीम के मुस्ताक अहमद ने किया था। उन्होंने साल 1996 में टोरंटो में भारत के खिलाफ 36 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किया थे।