Trending

ओलंपिक : रोमानिया पर जीत से भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम क्वार्टरफाइनल में

भारतीय खिलाड़ी मनिका बत्रा की अगुवाई में भारत ने पेरिस ओलंपिक की महिला टेबल टेनिस टीम स्पर्धा में अपने से ऊंची रैंकिंग वाले रोमानिया को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

साभार : गूगल

भारत 2-0 से आगे था, रोमानिया ने वापसी करते हुए 2-2 से बराबरी हासिल कर ली, निर्णायक मैच में मनिका ने जीत दर्ज करने टीम को जीत दिलाई। श्रीजा अकुला और अर्चना कामथ ने युगल मैच में एडिना डायकोनू और एलिजाबेटा समारा पर 11-9, 12-10, 11-7 से जीत दर्ज करके मैच का आगाज किया।

मनिका ने अपने से बेहतर रैंकिंग वाली बर्नाडेट जोक्स को 11-5, 11-7, 11-7 से हराया जिससे भारत ने चौथे वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ 2-0 की बढ़त मिली।

दूसरे एकल में पहला गेम जीतने के बाद श्रीजा यूरोपीय चैंपियन समारा से 2-3 (11-8 4-11 11-7 6-11 8-11) से हार गईं। श्रीजा की हार के बाद अर्चना और बर्नाडेट के बीच मुकाबला हुआ।

बर्नाडेट ने पहला गेम 11-5 से जीत लिया, भारतीय खिलाड़ी ने दूसरा गेम 11-8 से जीतकर बराबरी हासिल कर ली। बर्नाडेट ने अगले दो गेम 11-7, 11-9 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया और मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया।

मनिका ने एडिना को 3-0 (11-5, 11-9, 11-9) से हराकर भारत को अंतिम आठ में जगह दिलाई। क्वार्टर फाइनल में भारत का मुकाबला अमेरिका या जर्मनी से होगा।

पिछले हफ्ते मनिका और श्रीजा दोनों ने ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में राउंड ऑफ 16 तक पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनकर टेबल टेनिस में इतिहास रचा था।

वहीं जीत के बाद मनिका बत्रा ने कहा कि आज भारतीय टेबल टेनिस के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि हम पेरिस 2024 ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। यह उपलब्धि हमारे समर्पण, कड़ी मेहनत और अपने आप में अटूट विश्वास का परिणाम है।

व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए, अपने तीसरे ओलंपिक में आकर, मैं अपने अनुभव का उपयोग करके और कठिन परिस्थितियों में टीम की मदद करके बेहद खुश हूं। पूरी टीम उत्साह में है और हम इस गति को जारी रखने के लिए दृढ़ हैं।

हर उत्साह, संदेश और प्रोत्साहन के शब्द ने हमें और भी अधिक तीव्रता के साथ खेलने की ताकत दी है। हम आगामी मैचों में अपना सब कुछ देने और भारत को गौरवान्वित करने का वादा करते हैं।