पेरिस ओलंपिक : इतिहास रचने से चूके लक्ष्य सेन, टूटी पदक की उम्मीद
लक्ष्य सेन पहला गेम जीतने और दूसरे में बढ़त बनाने के बावजूद पेरिस ओलंपिक की बैडमिंटन की पुरुष एकल स्पर्धा के कांस्य पदक के प्ले ऑफ मुकाबले में मलेशिया के ली जी जिया के खिलाफ तीन गेम में हारकर इस स्पर्धा में पदक जीतने वाला पहला भारतीय खिलाड़ी बनने से चूक गए।

सेमीफाइनल की तरह कांस्य पदक के प्ले ऑफ में दुनिया के 22वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने बढ़त गंवाई और उन्हें 71 मिनट चले मुकाबले में दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी ली के खिलाफ 21-13, 16-21, 11-21 से हार मिली।
इस हार के साथ लक्ष्य साइना नेहवाल (लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य) और पीवी सिंधु (रियो ओलंपिक 2016 में रजत और टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य) के बाद ओलंपिक पदक जीतने वाला तीसरा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनने से चूक गए।
लक्ष्य की ली के खिलाफ छह मैचों में यह दूसरी हार है। ओलंपिक सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले पहले भारतीय पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य को रविवार को अंतिम चार के मुकाबले में रियो ओलंपिक के कांस्य और टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता एक्सेलसन के खिलाफ 20-22, 14-21 से हार मिली थी।