Trending

ओलंपिक : विनेश फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान, पदक किया पक्का

पेरिस ओलंपिक में भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने फाइनल में एंट्री लेते हुए इतिहास रच दिया है। महिलाओं की 50 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में फोगाट ने क्यूबा की गुजमान लोपेज को 5-0 से हराया।

@weareteamindia

साथ ही उन्होंने अपना ओलंपिक पदक सुनिश्चित कर लिया है। इसी के साथ ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट अब साक्षी मलिक के बाद ओलंपिक पदक हासिल करने वाली दूसरी भारतीय महिला पहलवान बन जाएंगी। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में फोगाट की भिड़ंत यूक्रेन की ओक्साना लिवाच से हुई थी।

पहले राउंड में भारतीय रेसलर ने 2 अंक बटोरकर अच्छी शुरुआत की। ओक्साना ने काफी प्रयास किया, फोगाट के खिलाफ वह अंक नहीं जुटा सकी। दूसरे राउंड में कड़ी मशक्कत के बीच दोनों खिलाड़ियों ने 5-5 अंक हासिल किए और आखिरकार मुकाबला फोगाट ने 7-5 से अपने नाम किया।

फोगाट की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही थी। इस भार वर्ग में विश्व की नंबर एक महिला पहलवान सुसाकी ने उन्हें दमदार खेल दिखाते हुए पहले 2 राउंड में ही विनेश को 2-0 से पछाड़ दिया था।

फोगाट ने हार नहीं मानी और मैच समाप्त होने से कुछ समय पहले वापसी करते हुए 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह बड़ी जीत थी, सुसाकी शीर्ष वरीयता प्राप्त पहलवान थी।

फोगाट ने एशियाई खेल में 2 पदक हासिल किए हुए हैं। 2018 में जकार्ता में हुए खेलों में उन्होंने स्वर्ण जीता था। उससे पहले 2014 में इंचियोन (48 किग्रा वर्ग) में उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया था।

वह सितंबर 2022 में विश्व चैंपियनशिप में 2 पदक (दोनों कांस्य) जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थी। वह राष्ट्रमंडल खेल में 3 स्वर्ण पदक (2014 , 2018 और 2022 ) जीत चुकी हैं।