कोच गौतम गंभीर की देखरेख में विराट कोहली की प्रैक्टिस
श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले दो वनडे में विराट कोहली का बल्ला शांत ही रहा है। पहले मैच में विराट के बैट से 24 रन निकले, दूसरे मैच में वो 14 रन बनाकर आउट हो गए।
पहले दोनों मैचों में विराट एलबीडब्ल्यू आउट हुए हैं। विराट जिस तरह के बैटर हैं, उनका बैक टू बैक मैचों में एलबीडब्ल्यू आउट होना, थोड़ा परेशान करने वाला जरूर है।

वनडे इंटरनेशनल में विराट के अगर रिकॉर्ड्स पर नजर डालें, तो उन्होंने कुल 294 वनडे इंटरनेशनल खेले हैं और इस दौरान 18 बार वो एलबीडब्ल्यू आउट हुए हैं। इससे पहले एक ही बार ऐसा हुआ है कि विराट बैक टू बैक दो मैचों एलबीडब्ल्यू आउट होकर पवेलियन लौटे हैं।
विराट का इस तरह से आउट होना हेड कोच गौतम गंभीर के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। सीरीज के आखिरी वनडे इंटरनेशनल से पहले विराट जब बैटिंग प्रैक्टिस के लिए आए, तो गंभीर नेट्स के पीछे खड़े होकर उन पर निगरानी रखते हुए नजर आए।
पहले दो मैचों में कप्तान रोहित शर्मा के अलावा और कोई भी भारतीय बैटर कुछ खास कर नहीं पाया है और श्रीलंकाई स्पिनरों के सामने जिस तरह से भारतीय मिडिल ऑर्डर ने घुटने टेके हैं, वो भारत के लिए बड़ी परेशानी का सबब है।
विराट का इस साल खेले जाने वाला यह आखिरी लिमिटेड ओवर मैच होने वाला है। इसके बाद वो टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे, कोई और वनडे मैच नहीं खेलना है।
विराट के लिए 2024 का साल अब तक बहुत ही अटपटा रहा है, उन्होंने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से खेलते हुए तो रनों का अंबार लगाया है, भारत के लिए टी20 और वनडे इंटरनेशनल में उनका बल्ला ज्यादातर मौकों पर शांत ही रहा है।
वनडे इंटरनेशनल में 50 शतक लगाने वाले विराट दुनिया के इकलौते बैटर हैं और उम्मीद की जा रही है कि श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में उनका बल्ला जरूर आग उगलेगा।