अफगान बल्लेबाज इहसानुल्लाह पर इस वजह से लगा पांच साल का प्रतिबंध
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज इहसानुल्लाह जनत को सभी प्रकार की क्रिकेट गतिविधियों से पांच साल के लिए बैन कर दिया है।

जनत को काबुल प्रीमियर लीग के दूसरे संस्करण के दौरान मैच फिक्सिंग पर एसीबी और आईसीसी भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया और उन्होंने अपना आरोप स्वीकार कर लिया है।
उन्होंने तीन टेस्ट, 16 वनडे और एक टी-20 खेला था। उन्होंने 2017 की शुरुआत में डेब्यू किया था। जनत को शानदार स्ट्रोक प्लेयर माना जाता है और उनके खेल को देखने के बाद एक्सपर्ट्स का मानना था कि वो आगे जाकर अफगानिस्तान के लिए बड़े खिलाड़ी बनेंगे।
इहसानुल्लाह जनत पर काबुल प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन के दौरान मैच के परिणाम को नियंत्रित करने का आरोप लगा है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के भ्रष्टाचार विरोधी संस्था ने खुलासा किया है कि अन्य तीन प्लेयर भी संदेह के घेरे में हैं। उनकी जांच चल रही है। आरोप की पुष्टि होने के बाद बोर्ड ऐसे खिलाड़ियों पर उचित कारवाई करेगी।
इहसानुल्लाह जनत को लेकर एसीबी ने बयान में कहा कि, “जनत को आईसीसी भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के अनुच्छेद 2.1.1 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया, जिसमें परिणाम, प्रगति, आचरण या मैच के किसी अन्य पहलू को फिक्स करने के लिए अनुचित प्रभाव या प्रयास भी हैं।
बयान में आगे कहा गया है कि, “इस उल्लंघन के आलोक में, उन्हें क्रिकेट से संबंधित सभी गतिविधियों से पांच साल का बैन लगाया गया है। जनत ने आरोपों को स्वीकार कर लिया है और भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल होने की बात कबूल कर ली है।