हरियाणा सीएम की बड़ी घोषणा, विनेश को मिलेगा सम्मान
भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ओलंपिक फाइनल में पहुंचने के बाद भी मेडल नहीं जीत पाईं। 29 वर्षीय विनेश 50 किग्रा कैटेगरी में भाग ले रही हैं।

फाइनल के दिन सुबह रेसलर का वजन किया जाता है। इसमें उनका वजन 100 ग्राम अधिक था। इसकी वजह से विनेश को डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। अब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा कर दी है कि भले ही विनेशा फाइनल नहीं खेल पाईं, उन्हें ईनाम से लेकर वो सभी सुविधाएं दी जाएंगी, जो एक सिल्वर मेडलिस्ट को दी जाती है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘हरियाणा की हमारी बहादुर बेटी विनेश फोगाट ने जबरदस्त प्रदर्शन करके ओलंपिक में फाइनल में प्रवेश किया था। किन्हीं भी कारणों से वो भले ही ओलंपिक का फाइनल नहीं खेल पाई हो, हम सबके लिए वो एक चैंपियन है।
हमारी सरकार ने ये फैसला किया है कि विनेश फोगाट का स्वागत और अभिनंदन एक मेडलिस्ट की तरह ही किया जाएगा। हरियाणा सरकार ओलंपिक रजत पदक विजेता को जो सम्मान, ईनाम और सुविधाएं देती है वे सभी विनेश को भी कृतज्ञता पूर्वक दी जायेंगी। हमें आप पर गर्व है विनेश!
विनेश ने पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। पहले राउंड में ही उन्होंने इतिहास रच दिया था। उन्होंने जापान की रेसलर युई सुसाकी को हराया था।
युई को इस मैच से पहले अपने इंटरनेशनल करियर में सभी 82 मैच जीते थे। टोक्यो ओलंपिक में तो विपक्षी रेसलर उनके खिलाफ एक पॉइंट तक हासिल नहीं कर पाया था। विनेश ने 3-2 से उनके खिलाफ जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने यूक्रेन और क्यूबा की रेसलर को हराया।