Trending

पेरिस ओलंपिक : सेमीफाइनल में हारे अमन सहरावत, अब कांसे के लिए लगाएंगे दांव

पेरिस ओलंपिक में कुश्ती में भारतीय पहलवान अमन सहरावत को सेमीफाइनल में हार मिली है। पुरुषों के 57 किलो ग्राम भारवर्ग में उन्हें जापान के शीर्ष वरीय रेई हिगुची ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हरा दिया।

साभार : गूगल

इस हार के बाद वह कांस्य पदक का मुकाबला खेलेंगे। बता दें कि सहरावत ने पेरिस खेल के अपने पहले दोनों मैचों में तकनीकी श्रेष्ठता से जीत दर्ज की थी। सहरावत के खिलाफ क्वार्टर फाइनल की शुरुआत में अल्बानिया के जेलिमखान अबकारोव को पेसिविटी दी गई।

अल्बानियाई पहलवान 30 सेकंड में स्कोर करने में विफल रहा, जिससे सहरावत को 1 अंक मिला। सहरावत ने अपनी बढ़त को 3-0 कर दिया। दूसरे राउंड में भारतीय पहलवान ने अपने दाव से अल्बानियाई पहलवान को चौंका दिया। तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-0 से जीतने से पहले सहरावत ने उन्हें 3 बार पलट दिया।

राउंड ऑफ-16 में सहरावत ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर नॉर्थ मैसेडोनिया के व्लादिमीर एगोरोव को हराया था। उनकी 10-0 की जीत ने मैसेडोनिया के पहलवान को मौका नहीं दिया था। उन्होंने पहले राउंड के बाद 6-0 (2, 2, 1, 1) की बढ़त ले ली थी।

दूसरे राउंड में भी उनका दबदबा देखने को मिला और उन्होंने 4 तकनीकी अंक (2, 2) लेकर मुकाबला अपने नाम किया। सहरावत ने अपने छोटे से करियर में अब तक कई उपलब्धियां हासिल की हैं।

युवा सहरावत ने 2022 एशियाई खेल में पुरुषों की 57 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इसके बाद उन्होंने 2023 की एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।