आखिर कैसे विनेश का वजन 24 घंटे में इतना बढ़ा, मामले की गहराई से हो जांच : विशेषज्ञ
पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में 50 किलोग्राम भार वर्ग में वजन ज्यादा के कारण अयोग्य घोषित होने के गहराई से जांच की मांग के बीच 24 घंटे के अंदर ही उनका वजन तीन किलोग्राम तक बढ़ जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

जाने—माने स्पोर्ट्स मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉक्टर सरनजीत सिंह का कहना है कि किसी एथलीट का 24 घंटे के अंदर तीन किलोग्राम तक वजन बढ़ सकता है, सवाल यह है कि पहले से ही अपने स्वाभाविक भार वाले वर्ग को छोड़कर वजन घटाते हुए कम वजन वर्ग वाली टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही विनेश का भार 24 घंटे से कम समय में दो किलो 700 ग्राम कैसे बढ़ गया।
उन्होंने एक बातचीत में कहा, ”सवाल यह है कि विनेश का वजन 24 घंटे से भी कम समय में दो किलो 700 ग्राम कैसे बढ़ गया? यह वजन दो सूरतों में बढ़ सकता है।
पहला, या तो एथलीट की ट्रेनिंग अवधि कम हो जाए, वह कम कैलरी बर्न करे। या वह ज्यादा कैलरी ले ले। या ये दोनों ही चीजें हुई हों। सवाल यह है कि क्या विनेश के न्यूट्रीशनिस्ट, स्पोर्ट्स मेडिसन स्पेशलिस्ट और फिटनेस विशेषज्ञों को विनेश के मेटाबॉलिज्म (उपापचय) के बारे में नहीं पता था?
उन्होंने कहा कि एक बार पहलवान सुशील कुमार को 40 ग्राम वजन ज्यादा होने के चलते अयोग्य घोषित किया गया था। विनेश 53 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लिया करती थीं, उन्हें 50 किलोग्राम भार वर्ग की प्रतियोगिता के फाइनल के लिये तैयार करने में अतिरिक्त सतर्कता बरती जानी चाहिये थी।
उन्होंने दावा किया, ”विनेश का बचा 100 ग्राम अतिरिक्त वजन कम भी हो जाता तब भी वह आगे खेल नहीं सकती थी। विनेश ने जिस तरह से अपना वजन कम किया है, अगर वह अपने वजन 100 ग्राम और कम कर भी लेती तो भी वह शारीरिक रूप से उतनी मजबूत नहीं रह जाती कि वह प्रतिद्वंद्वी को फाइनल में हरा पातीं।
उन्होंने कहा कि, मामले की गहराई से जांच होनी चाहिये। इस बात की जांच होनी चाहिये कि विनेश ने क्या खाया था और उनका ट्रेनिंग सेशन कितनी देर का था।