पेरिस ओलंपिक : पहलवान अमन सहरावत ने जीता कांसा
पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए एक और खुशखबरी आई। दरअसल कुश्ती में भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने कांस्य पदक जीत लिया। उन्होंने प्यूर्टो रिको के पहलवान डेरियन टोई क्रूज को 57 किलोग्राम भारवर्ग में 13-5 से हराया।

यह भारत का इस ओलंपिक में पांचवां कांस्य और कुल छठा पदक है। वहीं इस ओलंपिक में कुश्ती में भारत का यह पहला पदक है।
सेमीफाइनल में सहरावत जापान के रेई हिगुची से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हार गए थे। हिगुची ने मुकाबले के शुरुआत में ही अपनी चपलता से भारतीय पहलवान के खिलाफ दांव लगाया और 4 अंक बटोर लिए थे।
रियो ओलंपिक के रजत पदक विजेता हिगुची ने सहरावत को मौका नहीं दिया और मुकाबला आसानी से 0-10 से जीत लिया। भारतीय पहलवान इस पहलवान के आगे पहले राउंड में भी नहीं टिक पाए थे।
राउंड ऑफ-16 में सहरावत ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर नॉर्थ मैसेडोनिया के व्लादिमीर एगोरोव को हराया था। उनकी 10-0 की जीत ने मैसेडोनिया के पहलवान को मौका नहीं दिया था। उन्होंने पहले राउंड के बाद 6-0 (2, 2, 1, 1) की बढ़त ले ली थी।
दूसरे राउंड में भी उनका दबदबा देखने को मिला और उन्होंने 4 तकनीकी अंक (2, 2) लेकर मुकाबला अपने नाम किया। सहरावत के खिलाफ क्वार्टर फाइनल की शुरुआत में अल्बानिया के जेलिमखान अबकारोव को पेसिविटी दी गई। अल्बानियाई पहलवान 30 सेकंड में स्कोर करने में विफल रहा, जिससे सहरावत को 1 अंक मिला।
सहरावत ने अपनी बढ़त को 3-0 कर दिया। दूसरे राउंड में भारतीय पहलवान ने अपने दाव से अल्बानियाई पहलवान को चौंका दिया। तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-0 से जीतने से पहले सहरावत ने उन्हें 3 बार पलट दिया। सहरावत पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले एकमात्र भारतीय पुरुष पहलवान हैं। उन्होंने अपने छोटे से करियर में अब तक कई उपलब्धियां हासिल की हैं।
युवा सहरावत ने 2022 एशियाई खेल में पुरुषों की 57 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने 2023 की एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। सहरावत हरियाणा के झज्जर जिले के बिरोहर के रहने वाले हैं। उन्होंने सिर्फ 11 साल की उम्र में अपने मां-बाप को खो दिया था।