Trending

बढ़ सकता है बुमराह का ब्रेक, बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज 19 सितंबर से

भारत को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ब्रेक पर हैं। उसके बाद से भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 और श्रीलंका के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज खेली हैं। भारतीय टीम मैनेजमेंट ने बुमराह को तीनों सीरीज में आराम देने का फैसला किया, वर्कलोड मैनेज हो सके।

साभार : गूगल

बुमराह का ब्रेक और भी लंबा चल सकता है। उन्हें बांग्लादेश टेस्ट सीरीज में भी आराम दिया जा सकता है, जिसका आगाज वर्ल्ड कप फाइनल के 81 दिन बाद होना है। भारत को सितंबर में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में उतरना है। पहला टेस्ट 19 सितंबर से चेन्नई में शुरू होगा।

श्रीलंका दौरा खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों को 43 दिनों का लंबा ब्रेक मिला है। भारत को अब बांग्लादेश से भिड़ना है। भारत को बांग्लादेश से टेस्ट के अलावा तीन मैचों की टी20 सीरीज में भी टकराना है।

अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय सिलेक्टर्स को बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए स्पिन के अनुकूल पिच की उम्मीद है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज बुमराह को आराम दिए जा सकता है। अनुभवी पेसर मोहम्मद शमी की वापसी हो सकती है।

शमी चोटिल होने के कारण वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद से भारतीय टीम से बाहर हैं। उनका फरवरी में एड़ी का ऑपरेशन हुआ था। बुमराह को आराम दिए जाने की सूरत में शमी के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी आएगी।

नए हेड कोच गौतम गंभीर कह चुके हैं कि बुमराह दुर्लभ तेज गेंदबाज हैं और उनका सावधानी से इस्तेमाल करना होगा। गंभीर ने कहा था कि बुमराह को कोई भी अपनी टीम में चाहेगा।

आप चाहते हैं कि वह महत्वपूर्ण मैच खेलें लेकिन वर्कलोड मैनेजमेंट जरूरी है। बता दें कि बुमराह का जिस तरह का गेंदबाजी एक्शन है, उसके चलते चोटिल होने की काफी संभावना रहती है।

बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में गर्दा उड़ा दिया था। उन्होंने 8 मैचों में 4.17 की इकोनॉमी रेट से 15 विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने टूर्नामेंट में भारत को कई हारी हुई बाजी जिताई। उन्होंने फाइनल में निर्णायक पलों में घातक गेंदबाजी की।

बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खिताबी मुकाबले में 4 ओवर में 18 रन खर्च किए और दो शिकार किए। साउथ अफ्रीका को जब 18 गेंदों में 22 रन की दरकार थी, तब बुमराह ने 18वें ओवर में दो रन देकर और एक विकेट निलाकर भारत की वापसी कराई। भारत ने 11 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी का सूखा समाप्त किया।