आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनुपूरक पुष्टाहार की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही योगी सरकार

लखनऊ, 13 अगस्त। योगी सरकार प्रदेश की बाल विकास परियोजनाओं के तहत संचालित आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनुपूरक पुष्टाहार की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। इन प्रयासों के तहत उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा वर्ष 2023-24 तथा 2024-25 के दौरान औसत 113 ब्लॉक आच्छादित किए गए हैं। 2024 के पहले क्वार्टर में जहां 204 ब्लॉक आच्छादित किए गए तो वहीं दूसरे क्वार्टर में अब तक 95 ब्लॉक्स को कवर किया गया है। मालूम हो कि योगी सरकार ने प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में अनुपूरक पोषाहार का उत्पादन एवं आपूर्ति किए जाने का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत राज्य राष्ट्रीय आजीविका मिशन द्वारा प्रदेश के 43 जनपदों में 204 इकाइयां स्थापित की जा चुकी हैं। वहीं शेष 32 जनपदों में टीआरएच यूनिट को 2026-27 तक स्थापित किया जाना है।
योगी सरकार ने राज्य आजीविका मिशन के अंतर्गत योजना के सफलतापूर्वक संचालन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। इसके अनुसार अनुपूरक पुष्टाहार की आपूर्ति में विलंब नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही यूपीएसआरएलएम को अग्रिम भुगतान का समय पर समायोजन किया जाना चाहिए।
एसआरएलएम द्वारा मासिक अनुपूरक पुष्टाहार के साथ ही ड्राई राशन भी प्रदान किया जाता है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आच्छादित परियोजनाओं से भिन्न अन्य परियोजनाओं में नैफेड के द्वारा प्रदेश में अनुपूरक पुष्टाहार के रूप में फोर्टिफाइड गेहूं, दलिया, चना दाल, फोर्टिफाइड खाद्य तेल तथा खाद्य एवं रसद विभाग के उचित दर विक्रेता के माध्यम से फोर्टिफाइड चावल लाभार्थियों को दिए जाने की व्यवस्था की गई है।