इन 3 मैचों का बदला शेड्यूल, ग्वालियर के नए स्टेडियम में होगा टी-20 मैच
बीसीसीआई को भारतीय टीम के 3 मैचों का शेड्यूल बदलना पड़ा है। ग्वालियर को 14 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट की मेजबानी मिली है।

यह वह स्टेडियम नहीं है, जहां सचिन तेंदुलकर ने पुरुष वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट का पहला दोहरा शतक जड़कर इतिहास रचा था। सचिन तेंदुलकर ने कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ा था, ये नया स्टेडियम है, जिसका नाम श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम है।
बीसीसीआई ने मंगलवार (13 अगस्त) को टीम इंडिया (सीनियर मेंस) के आगामी घरेलू सत्र 2024-25 के लिए अपडेटेड शेड्यूल की घोषणा की। भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टी20, जो शुरू में 6 अक्टूबर को धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में होना था, अब ग्वालियर में आयोजित होगा।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा ड्रेसिंग रूम में किए जा रहे अपग्रेड और नवीनीकरण कार्य के कारण इस मैच को शिफ्ट किया गया है। मैच अभी भी 6 अक्तूबर को ही खेला जाएगा।
बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले और दूसरे टी20 के आयोजन स्थलों की अदला-बदली का ऐलान किया। चेन्नई का चेपॉक स्टेडियम भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टी20 की मेजबानी करने वाला था, अब ये स्टेडियम दूसरे मैच की मेजबानी करेगा, कोलकाता को पहले टी20 की मेजबानी सौंपी गई है। कोलकाता में दूसरा टी20 मैच खेला जाना था, दूसरा मैच अब चेन्नई में होगा।
पहला टी20 मैच 22 जनवरी 2025 को होगा और दूसरा टी20 मैच 25 जनवरी 2025 को होगा। मैचों की तारीखों में बदलाव नहीं हुआ है।
बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि कोलकाता पुलिस द्वारा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल से उनकी पूर्व गणतंत्र दिवस प्रतिबद्धताओं और दायित्वों के संबंध में अनुरोध के बाद स्थल परिवर्तन आवश्यक हो गया था। यही कारण है कि पहला मैच कोलकाता में होगा।