Trending

पूर्व पाक क्रिकेटर बासित अली ने पीसीबी को क्याें दी चेतावनी

पाकिस्तान के पास आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी है। पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी से पहले घर पर बांग्लादेश, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज जैसी टीमों से द्विपक्षीय सीरीज खेलनी है।

साभार : गूगल

बांग्लादेश सीरीज का आगाज 21 अगस्त से होने जा रहा है। पूर्व पाक क्रिकेटर बासित अली ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को वॉर्निंग दी है। साथ ही उन्होंने हुकुमत को अलर्ट किया है।

बासित का कहना है कि अगर द्विपक्षीय सीरीज में कोई भी घटना हुई तो पाकिस्तान से चैंपियंस ट्रॉफी छिन जाएगी। बासित ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान में होनी है। बांग्लादेश के बाद इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने भी यहां आना है। हमें सिक्योरिटी टाइट करनी पड़ेगी।

अल्लाह ना करे अगर कोई भी घटना हुई तो चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान से चली जाएगी। बलूचिस्तान और पेशावर में हमारे जवानों को शहीद किया जा रहा है। यह तो हुकूमत ही बता सकती है कि इसके पीछे क्या वजह है? लेकिन गलत हो रहा है। हुकूमत को इसपर फोकस करना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा, ”छोटी सी भी घटना नहीं होना चाहिए। जो सिक्योरिटी पीएम और राष्ट्रपति को मिलती है, वही सिक्योरिटी विदेशी टीमों को मिलनी चाहिए। मुझे उम्मीद है कि मोहसिन नकवी (पीसीबी चीफ) इस बात को लेकर जागरूक होंगे।

चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल फरवरी और मार्च में खेली जानी है। बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन लंबे समय से नहीं हुआ है। चैंपियंस ट्रॉफी आखिरी बार 2017 में हुई थी। तब पाकिस्तान ने फाइनल में भारत को हराया था।

भारत चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाएगी या नहीं, अभी स्पष्ट नहीं है। बीसीसीआई साफ कह चुका है कि भारतीय खिलाड़ियों के पाकिस्तान जाने पर केंद्र सरकार फैसला करेगी। पीसीबी ने भारत को पाकिस्तान भेजने के लिए मनाने का काम आईसीसी पर छोड़ दिया है।

ड्राफ्ट शेड्यूल के अनुसार, संभावित सेमीफाइनल और फाइनल सहित भारत के सभी मैच लाहौर में होने हैं। भारत बनाम पाकिस्तान मैच एक मार्च को निर्धारित है।