खाली हाथ लौटेंगी विनेश फोगाट, खेल पंचाट ने अपील की खारिज
ओलंपिक फाइनल से पहले अयोग्य होने के खिलाफ भारतीय पहलवान विनेश फोगाट की अपील खेल पंचाट के तदर्थ प्रभाग ने खारिज कर दी है। विनेश को पिछले सप्ताह महिला 50 किलो फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल से पहले अयोग्य करार दिया गया था, उनका वजन निर्धारित सीमा से सौ ग्राम अधिक था।

एक बयान में आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा ,‘‘ पहलवान विनेश फोगाट की युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के खिलाफ दायर अपील पर खेल पंचाट के एकमात्र पंच के फैसले से स्तब्ध और निराश हूं।

उन्होंने कहा ,‘‘ पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के 50 किलोग्राम वर्ग में साझा रजत पदक दिए जाने के विनेश के आवेदन को खारिज करने वाले 14 अगस्त के फैसले का प्रभावी हिस्सा विशेष रूप से उनके लिए और बड़े पैमाने पर खेल समुदाय के लिए महत्वपूर्ण निहितार्थ रखता है। इस फैसले के मायने हैं कि पेरिस ओलंपिक में भारत के छह ही पदक होंगे जिसमें एक रजत और पांच कांस्य हैं।