भारत का सपना, 2036 में ओलंपिक की मेजबानी : मोदी
पीएम मोदी ने 2036 में होने वाले ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि देश इस खेल महाकुंभ के आयोजन के लिए तैयारी कर रहा है। मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन के दौरान वहां उपस्थित ओलंपिक विजेताओं का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, ‘‘साथियों, हिंदुस्तान का सपना है कि 2036 में जो ओलंपिक हों, वह हिंदुस्तान की धरती पर हों। उसके लिए हम तैयारी कर रहे हैं, आगे बढ़ रहे हैं।
भारत ने पिछले साल मुंबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के सम्मेलन के दौरान ओलंपिक मेजबानी की अपनी इच्छा जाहिर की थी। अगले साल आईओसी के अध्यक्ष का चुनाव होना है और उसके बाद ही 2036 के ओलंपिक के मेजबान का फैसला लिए जाने की संभावना हैं।
ओलंपिक 2028 की मेजबानी लॉस एंजेलिस, 2032 में होने वाले ओलंपिक की मेजबानी ब्रिसबेन करेगा। भारत ने स्पष्ट नहीं किया है कि वह किस शहर के लिए ओलंपिक मेजबानी का दावा पेश करेगा।
मोदी ने पेरिस ओलंपिक में अच्छा प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा, ‘‘आज हमारे साथ तिरंगे झंडे के नीचे वे नौजवान बैठे हैं जिन्होंने ओलंपिक की दुनिया में भारत का परचम लहराया है। मैं अपने देश के सभी खिलाड़ियों को 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से बधाई देता हूं।
मोदी ने कहा, ‘‘हम नए सपने, नए संकल्प और पुरुषार्थ के साथ नए लक्ष्यों की तरफ बढ़ेंगे। पीएम ने पैरा-ओलंपिक के लिए भी भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। पैरा ओलंपिक 28 अगस्त से पेरिस में आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन ने साबित कर दिया कि भारत बड़े से बड़े कार्यक्रम आयोजित करने में सक्षम है।