Trending

एक साल के लिए एनसीए हेड बने रहेंगे वीवीएस लक्ष्मण

पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण नेशनल क्रिकेट एकेडमी के हेड बने रहेंगे। बीसीसीआई ने उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। लक्ष्मण को सौरव गांगुली ने बीसीसीआई का प्रेजिडेंट रहते 2021 में बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी की कमान सौंपी थी।

साभार : गूगल

उनका तीन साल का अनुबंध इस सितंबर तक ही था। लक्ष्मण कम से कम एक साल और इस अहम पद पर रहेंगे। इससे पहले चर्चा थी कि लक्ष्मण को एक आईपीएल फ्रेंचाइजी ने हेड कोच पोस्ट ऑफर की है, जिसे लेकर वह भी उत्साहित हैं।

वीवीएल लक्ष्मण को एनसीए में दिग्गज भारतीय कोचिंग टीम की सहायता मिलने की संभावना है, जिसमें शितांशु कोटक, साईराज बहुतुले और हृषिकेश कानिटकर हैं।

लक्ष्मण के अनुबंध का विस्तार बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक नए अत्याधुनिक एनसीए परिसर के उद्घाटन से पहले हुआ है, जिसकी नींव जनवरी 2022 में रखी गई थी, ये जमीन कर्नाटक सरकार ने 99 साल की लीज पर दी है। माना जाता है कि इस अत्याधुनिक एनसीए परिसर में कम से कम 100 पिच होंगी, जिसमें 45 इनडोर पिच हैं।

तीन अंतरराष्ट्रीय आकार के मैदान, एक आधुनिक पुनर्वास केंद्र, आवास सुविधाएं और ओलंपिक आकार के पूल के अलावा कई अन्य सुविधाएं हैं। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में ये सारे काम अपने आखिरी स्टेज में है। खिलाड़ियों को ये सारी सुविधा अगले साल की शुरुआत से मिलने की संभावना है।

एनसीए में अपने पहले तीन साल के कार्यकाल के दौरान, लक्ष्मण ने इंजरी मैनेजमेंट, खिलाड़ी पुनर्वास, कोचिंग कार्यक्रमों और सीनियर टीम-जूनियर टीम के साथ महिला क्रिकेट के लिए बढ़िया रोडमैप तैयार किया है। वीवीएस लक्ष्मण से पहले राहुल द्रविड़ इस पोजिशन पर थे।

लक्ष्मण की आने वाले चुनौतियों में से एक भारत ए टूर कार्यक्रम भी है, जो पिछले साल साल में रुक-रुक कर शुरू हुआ है, द्रविड़ के कार्यकाल में ये दौरे लगातार होते रहते थे।