Trending

राशिद खान की पांच गेंदों पर कीरॉन पोलार्ड ने पांच छक्के लगाए, देखे वीडियो  

वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर और मुंबई इंडियंस के सहायक कोच कीरॉन पोलार्ड ने राशिद ख़ान पर लगातार पांच छक्के लगाए हैं। ये छक्के उन्होंने द हंड्रेंड में सदर्न ब्रेव के लिए ट्रेंट रॉकेट्स के ख़िलाफ़ मारे, जिससे उनकी टीम को दो विकेट की जीत मिली।

साभार : गूगल

पोलार्ड ने यह रिकॉर्ड पारी के 17वें सेट में किया। उस समय ब्रेव की टीम 80 गेंदों में 6 विकेट के नुक़सान पर 78 रन बनाकर खेल रही थी।

उस समय पोलार्ड भी संघर्ष कर रहे थे और पहली 14 गेंदों पर सिर्फ़ छह रन ही बना पाए थे। तब जीत मेज़बानों के हाथ से फिसलती नज़र आ रही थी। पोलार्ड ने राशिद की पांच गेंदों पर लगातार पांच छक्के लगाकर ब्रेव की उम्मीदों को ज़िंदा कर दिया।

उन्होंने राशिद की गुगली और अंदर आती गेंदों पर दो छक्का डीप मिडविकेट पर, दो छक्का लांग ऑफ़ पर और एक छक्का एक्स्ट्रा कवर पर लगाया।

पोलार्ड की इस बल्लेबाज़ी का राशिद की विश्व स्तरीय गेंदबाज़ी के पास जवाब नहीं था। पोलार्ड ने यह कारनामा पहली बार नहीं किया है। इससे पहले वह मार्च 2021 में ऐसा कर चुके हैं, जब उन्होंने श्रीलंका के ख़िलाफ़ टी-20 में अकीला धनंजय के ख़िलाफ़ लगातार छह छक्के लगाए थे।

पोलार्ड 23 गेंदों पर 45 रन बनाकर रन आउट हो गए, क्रिस जॉर्डन ने एक गेंद शेष रहते चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। इस जीत के चलते अंक तालिका में ब्रेव के अंक शीर्ष पर मौजूद ओवल इनविंसिबल्स के बराबर हो गए।

मैच के बाद पोलार्ड ने कहा, “मैंने धीमी शुरुआत की थी, यह पिच वैसी नहीं थी कि आप जाते ही बड़े शॉट्स खेलने लग जाएं। मैंने प्रहार करने के लिए गेंदबाज़ को पिक करने का फ़ैसला किया।

मैंने राशिद के ख़िलाफ़ काफ़ी खेला है और उन्होंने मुझे कई बार आउट किया है। मुझे पता था कि वो कौन सी लाइन और लेंथ पर गेंदबाज़ी करेंगे। वो फ़ुलर गेंद डालते तब मैं अपनी स्ट्रेंथ को बैक करते हुए सीधा सामने की तरफ प्रहार करता। और उन्होंने तीन गेंद इसी लेंथ पर डाली और वो तीनों ही गेंदें मेरे पाले में थीं।

मुझे अधिक से अधिक रन बटोरने थे। राशिद विश्वस्तरीय गेंदबाज़ हैं, यह उन दिनों में से एक दिन था जब मुझे जीत हासिल हुई,” पोलार्ड ने अपनी बातों को समाप्त किया।