Trending

मेजर लीग क्रिकेट में स्मिथ ने दिखाया दम, अब आईपीएल में वापसी की उम्मीद

मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में दमदार प्रदर्शन से उत्साहित अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को अगले साल आईपीएल में लौटने की उम्मीद है। स्मिथ को टी20 विश्व कप के बाद स्कॉटलैंड एवं इंग्लैंड के लिए नजरअंदाज किया गया है।

साभार : गूगल

एमएलसी में शानदार प्रदर्शन से वाशिंगटन फ्रीडम पहली बार लीग का चैंपियन बना। वह लीग के बीते सत्र में 49.00 की औसत और 154.74 के स्ट्राइक रेट से 294 रन बना कर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे हाल में टी20 क्रिकेट और फ्रेंचाइजी में जो मौके मिले हैं, मैंने अच्छा खेला है। ऐसे में मैं आईपीएल में अपना नाम शामिल कर इसका लुत्फ उठाना चाहूंगा। स्मिथ के नाम पर पिछली दो नीलामी में बोली नहीं लगी थी ऐसे में वह 2021 से आईपीएल का हिस्सा नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘ अंतरराष्ट्रीय टी20 की बात करूं तो मुझे नहीं पता वहां (चयनकर्ता के बीच) क्या चल रहा है। उनके पास कुछ विकल्प है और वे उसे आजमाना चाहते है। मुझे इससे कोई शिकायत नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि वे विश्व कप को ध्यान में रख कर ऐसे खिलाड़ियों को तरजीह दे रहे हैं जो बड़े शॉट लगा सकें। मैं इन चीजों से परेशान नहीं हूं। मैं अपना काम करता रहूंगा, खुद में सुधार करने और बेहतर होने का प्रयास करता रहूंगा।